#Social
भविष्य को हराभरा बनाने की पहल: इस्माइली सिविक द्वारा वृक्षारोपण एवं वितरण अभियान

Raipur. रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में इस्माइली सिविक (Ismaili CIVIC) ने पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा देने और शहरी हरियाली को बढ़ाने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण एवं पौध वितरण अभियान आयोजित किया। “रूट्स फॉर चेंज” (Roots for Change) नामक इस वैश्विक अभियान के तहत कुल 300 पौधे लगाए और वितरित किए गए, जिनमें अमरूद, हाइब्रिड पपीता, सीताफल, नींबू, शहतूत, मौलश्री और जरुल जैसी कई प्रजातियां शामिल थीं। कार्यक्रम तीन स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया। पुलिस ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस परेड एवं ध्वजारोहण समारोह के दौरान 255 पौधे लोगों को वितरित किए गए, जबकि स्कॉलर्स इंग्लिश मीडियम स्कूल में 35 पौधे और पूर्णिमा हायर सेकेंडरी स्कूल में 10 पौधे लगाए गए। इस अभियान में 20 स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ भाग लिया। इस प्रयास में छत्तीसगढ़ वन विभाग और छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
वैश्विक पहल का हिस्सा
“रूट्स फॉर चेंज” एक वैश्विक वृक्षारोपण पहल है जिसे ग्लोबल एन्काउंटर्स (Global Encounters) और इस्माइली सिविक द्वारा संयुक्त रूप से संचालित किया जा रहा है। इसका लक्ष्य दुनियाभर में एक मिलियन से अधिक पेड़ लगाना है। यह अभियान इस वर्ष दुबई में आयोजित ग्लोबल एन्काउंटर्स फेस्टिवल 2025 का हिस्सा है। इस अवसर पर इस्माइली समुदाय के नेता श्री समीर लिरानी ने कहा “वृक्षारोपण अभियान सिर्फ हमारे आस-पास को हराभरा बनाने के लिए नहीं है, बल्कि यह समुदाय में जिम्मेदारी और एकता की भावना को भी पोषित करता है। मिलकर हम एक स्वस्थ और आशावान कल का निर्माण कर सकते हैं।”
इस्माइली समुदाय का परिचय
इस्माइली मुस्लिम समुदाय एक सांस्कृतिक रूप से विविध समुदाय है, जो दुनिया के 35 से अधिक देशों में निवास करता है। यह समुदाय 1,400 वर्षों से शिया मूल्यों की परंपरा का पालन करता आ रहा है। समुदाय के मुख्य सिद्धांतों में ज्ञान की खोज, आत्मविकास, समाज के उत्थान, बहुलवाद को अपनाने, शांति और समझ के पुल बनाने, तथा समय, प्रतिभा और संसाधनों को उदारतापूर्वक साझा कर जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाना शामिल है।




