#Social
मड़ना डिपो क्षेत्र में दो चोरी के मामलों का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

Gorella. गौरेला। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मड़ना डिपो क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी के मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो युवक और एक नाबालिग शामिल हैं। आरोपियों के पास से करीब 4 लाख रुपए मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया गया है। पुलिस अधीक्षक सुरजन राम भगत के निर्देश पर इन मामलों की जांच शुरू की गई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओम चंदेल और एसडीओपी श्याम सिदार के मार्गदर्शन में साइबर सेल और थाना स्टाफ ने तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की।
पहला मामला – फजल इलाही के घर में चोरी
5-6 जुलाई की रात फजल इलाही के निवास पर चोरी की घटना हुई थी। अज्ञात चोरों ने घर से करीब 2.20 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चुरा ली थी। इस घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर थाना पेंड्रा में मामला दर्ज किया गया था।
दूसरा मामला – मई महीने की चोरी
दूसरी चोरी की घटना 5-6 मई की रात को सामने आई थी, जिसमें भी अज्ञात आरोपियों द्वारा घर में सेंधमारी कर कीमती सामान पार किया गया था।
गिरफ्तार आरोपी और जब्ती
पुलिस ने इस मामले में नवीन जायसवाल (22 वर्ष), दुर्गेश रजक (19 वर्ष) और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है।
नवीन जायसवाल के पास से चोरी किए गए सोने के जेवरात, दो मोबाइल फोन और दो डीवीआर जब्त किए गए।
दुर्गेश रजक से 1000 रुपए नकद और चोरी की रकम से खरीदा गया Apple मोबाइल फोन जब्त हुआ।
नाबालिग आरोपी से भी सोने के आभूषण और मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस की तकनीकी टीम ने निभाई अहम भूमिका
साइबर सेल की टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन की मदद से आरोपियों की पहचान की और फिर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर तीनों को धर दबोचा।
पुलिस की अपील
पुलिस अधीक्षक सुरजन राम भगत ने जिलेवासियों से अपील की है कि अपने घरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखें और आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि नजर में आए तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। इस कार्रवाई से पुलिस को मड़ना डिपो क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोह पर शिकंजा कसने में सफलता मिली है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और किसी अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।




