#Social

रायपुर रेलवे स्टेशन के पास ओएचई में खराबी, हावड़ा-मुंबई रेल मार्ग ठप


Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर रेलवे स्टेशन के पास ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन (OHE) में तकनीकी खराबी के कारण हावड़ा-मुंबई रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। जानकारी के मुताबिक, ओएचई लाइन के अधिक गर्म हो जाने (हीटिंग) की वजह से यह समस्या उत्पन्न हुई, जिससे छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, वंदेभारत एक्सप्रेस सहित आधा दर्जन ट्रेनें प्रभावित हो चुकी हैं। रेलवे सूत्रों के अनुसार, रायपुर स्टेशन के आउटर सेक्शन में यह तकनीकी गड़बड़ी सामने आई, जिससे कई ट्रेनें या तो जहां थीं वहीं खड़ी कर दी गईं या फिर उन्हें रायपुर रेलवे स्टेशन पर अस्थायी रूप से रोका गया।
इस गड़बड़ी से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीआरएम (डिवीजनल रेलवे मैनेजर) सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। रेलवे की तकनीकी टीम लाइन सुधारने में जुटी हुई है, ताकि प्रभावित ट्रेनों की आवाजाही जल्द बहाल की जा सके। अधिकारियों ने बताया कि लाइन की मॉनिटरिंग की जा रही है और ट्रैफिक बहाल करने के लिए वैकल्पिक उपायों पर भी काम हो रहा है। हालांकि, अब तक किसी ट्रेन को डायवर्ट नहीं किया गया है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबरों से ट्रेनों की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button