#Social
लंबित मांगों को लेकर सडक़ों पर उतरे पटवारी-कानूनगो

Nahan. नाहन। संयुक्त पटवारी-कानूनगो महासंघ जिला सिरमौर ने लंबित मांगों को लेकर काम छोड़ो हड़ताल के सातवें दिन शुक्रवार को प्रदेश व्यापी आह्वान पर नाहन के रानी झांसी पार्क से डीसी कार्यालय तक रोष रैली निकाली। वहीं इस दौरान डीसी कार्यालय के बाहर बैठकर पदाधिकारियों ने धरना-प्रदर्शन व नारेबाजी की। इस दौरान महासंघ ने डीसी सिरमौर की मार्फत सीएम को ज्ञापन भी प्रेषित किया। इस दौरान जिला सिरमौर के 14 इकाइयों के पटवारी-कानूनगो महासंघ के पदाधिकारियों ने रोष रैली में भाग लिया। संयुक्त पटवारी-कानूनगो महासंघ के जिला अध्यक्ष रजनीश शर्मा ने इस दौरान कहा कि विगत सात दिनों से जारी काम छोड़ो हड़ताल के बावजूद आग्रह के सरकार ने महासंघ को वार्ता के लिए नहीं बुलाया है। उन्होंने कहा कि लंबित मांगों को लेकर सरकार को बार-बार वार्ता के लिए कहा
गया है।
मगर सरकार का कोई भी प्रतिनिधि अभी तक वार्ता के लिए नहीं पहुंचा है। जिसके चलते अब आगामी दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पटवारी-कानूनगो महासंघ की पटवार कार्यालयों में ब्रॉडबैंड जैसी मूलभूत सुविधाओं तक को भी उपलब्ध करवाने के लिए सरकार हामी नहीं भर रही है। वहीं उन्होंने कहा कि महासंघ की एक सुर में पुरजोर मांग है कि स्टेट कॉडर को वापिस लिया जाए। पदाधिकारियों ने कहा कि उन्हें संज्ञान है कि सप्ताह भर से जारी हड़ताल से लोगों के राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। जिसकी जिम्मेवारी भी सरकार की है। इस दौरान डीसी ऑफिस के बाहर पटवारी-कानूनगो संघ ने धरना प्रदर्शन करते हुए स्टेट कॉडर निर्णय वापिस लेने, पटवारखानों में मूलभूत सुविधाएं जुटाने, वेतन विसंगतियों को दूर करने इत्यादि संबंधित एक ज्ञापन भी डीसी सिरमौर की मार्फत सीएम हिमाचल को प्रेषित किया।




