लड़की के भागने पर एसपी और विधायक बंगले के बाहर हंगामा, लव जिहाद का आरोप

बिलासपुर। एक युवती लड़के के साथ भाग गई। इससे परेशान परिजन ने पहले पुलिस से अपहरण का आरोप लगाकर शिकायत की। लेकिन, पुलिस की जांच में पता चला कि लड़की बालिग है। तब गुमशुदगी की शिकायत हुई। 3 दिन बाद भी युवती का कुछ पता नहीं चला है। इससे नाराज परिजन और समाज के लोगों ने पहले सिविल लाइन थाना और फिर देर रात SSP बंगले का घेराव कर दिया। आरोप लगाया कि मामला लव जिहाद का है। लड़की का ब्रेन वॉश कर उसे बहलाकर भगाया गया है। देर रात तक लोगों की भीड़ SSP बंगले में जुटी रही। अपहरण का आरोप लगाकर परिजन और समाज के लोगों ने मचाया हंगामा।

दरअसल, बीते रविवार को समुदाय विशेष की 26 वर्षीय युवती अपने घर से गायब हो गई। बताया जा रहा है कि जाने से पहले युवती ने परिजनों के नाम एक लेटर भी लिखा है, जिसमें वो खुद से घर छोड़कर जाने की बात लिखी है। इससे परेशान परिजन ने पतासाजी की, तब उन्हें मालूम हुआ कि युवती को चुचुहियापारा निवासी युवक अपने साथ लेकर गया है।

जिसके बाद परिजन सोमवार को सिविल लाइन थाना पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि मुस्लिम युवक उनकी बेटी का अपहरण कर ले गया है। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि लड़की बालिग है। तब पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस युवक और युवती की तलाश करने का दावा कर रही है।

मंगलवार की रात युवती के परिजन को खबर मिली कि युवती को पुलिस ने बरामद कर लिया है, जिसे थाने में बैठा कर रखा गया है। हालांकि, यह खबर अफवाह थी। इसकी जानकारी मिलते ही परिजन और समाज के लोगों की भीड़ रात में थाने पहुंच गई। यहां उन्होंने जमकर हंगामा मचाया और युवती की तलाश करने का दबाव बनाया। थाने से सही आश्वासन नहीं मिलने से परेशान परिजन और समाज के लोग देर रात SSP रजनेश सिंह से मिलने उनके निवास पहुंच गए। यहां पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका तो जमकर हंगामा मचाया और नारेबाजी करने लगे। आखिरकार, देर रात SSP रजनेश सिंह ने समाज के प्रतिनिधियों और परिजन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भरोसा दिलाया कि युवक और युवती की तलाश की जा रही है। उन्होंने जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का भी भरोसा दिलाया। देर रात बड़ी संख्या में समाज के लोग विधायक अमर अग्रवाल के घर भी पहुंचे। विधायक के शहर से बाहर होने के कारण मुलाकात नहीं हो सकी। हालांकि, समाज के लोगों ने फोन पर उनसे बात की। जिसके बाद समाज के लोगों की भीड़ SSP बंगला पहुंच गई।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button