वेज की जगह नॉनवेज बिरयानी मिली, ग्राहक बन गया ‘कातिल’

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में सनसनीखेज मर्डर का मामला सामने आया है। एक होटल मालिक की इसलिए हत्या कर दी गई क्योंकि उसने कस्टमर को वेज की जगह नॉनवेज बिरयानी दे दिया। हमलावर ने उनके सीने में गोली मार दी। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई जगहों पर छापेमारी कर रही है।

पुलिस ने रविवार को बताया कि रांची में 47 साल के एक होटल मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसने एक शाकाहारी ग्राहक को कथित तौर पर मांसाहारी बिरयानी दे दी थी। एसपी (ग्रामीण) प्रवीण पुष्कर ने बताया कि यह घटना शनिवार रात करीब 11:30 बजे हुई। एक ग्राहक ने कांके-पिठोरिया रोड स्थित होटल से शाकाहारी बिरयानी मांगी और पार्सल लेकर चला गया। लेकिन कुछ देर बाद वह कुछ अन्य लोगों के साथ वापस लौटा और होटल मालिक से शिकायत की कि उसे मांसाहारी बिरयानी दी गई।

एसपी ने बताया कि रेस्टोरेंट मालिक विजय कुमार नाग उस समय एक टेबल पर खाना खा रहे थे। तभी एक हमलावर ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके सीने में लगी। उन्होंने बताया कि अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। मृतक कांके थाना क्षेत्र के भिट्ठा का निवासी था। एसपी ने बताया कि शव को राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई जगहों पर छापेमारी कर रही है।

कांके थाना प्रभारी प्रकाश रजक ने बताया कि रविवार सुबह गुस्साए स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कुछ देर के लिए कांके-पिठोरिया रोड जाम कर दिया। बाद में जब हमने उन्हें आश्वासन दिया कि हमलावरों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा, तब जाम हटा लिया गया। उन्होंने कहा कि इस बात की जांच की जा रही है कि घटना के पीछे कोई और मकसद तो नहीं था।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button