#Social
शहरी निकाय के प्रतिनिधियों को दिया सॉलिड वेस्ट मेनेजमेंट का प्रशिक्षण

Solan. सोलन। सोलन जिला के सभी शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) के प्रतिनिधियों के लिए बुधवार को नगर निगम सोलन में जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट व जलवायु परिवर्तन पर प्रशिक्षण में जीआईजैड इंडिया के प्रशिक्षक ड्रिमसन फर्नांडिस, पलास चंदेल और शहरी अधिनियम परियोजना की डा. हरकंचन ने उपस्थित प्रतिनिधियों को जानकारी दी। प्रशिक्षण में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, जलवायु परिवर्तन और कार्बन बाजारों का परिचय, प्रभावी आईईसी (सूचना, शिक्षा और संचार) और व्यवहार परिवर्तन, स्रोत पृथककरण, संग्रह और परिवहन, हैंडलिंग सुरक्षा और स्वच्छता, शुष्क अपशिष्ट प्रसंस्करण और एमआरएफ (सामग्री पुनप्र्राप्ति सुविधा) संचालन, ईपीआर (विस्तारित उत्पादक उत्तरदायित्व) तंत्र, जैविक अपशिष्ट प्रबंधन: खाद बनाना, बायोमास और अन्य विधियां सहित डंपसाइट उपचार पर विस्तृत जानकारी दी
गई।
शिक्षण में सोलन जिला के सभी नगर निकायों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिसमें सोलन नगर निगम के मेयर, आयुक्त और पार्षद, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, स्वच्छता निरीक्षक और वार्ड पर्यवेक्षक शामिल रहे। नगर निगम सोलन की मेयर उषा शर्मा ने कहा कि यह पहल स्वच्छ शहर समृद्ध शहर अभियान का एक हिस्सा है, जिसका उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देना है। यह अभियान बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन प्रथाओं को प्राप्त करने और स्वच्छ और हरित शहरों का निर्माण करने के लिए हितधारकों के बीच जागरूकता पैदा करने और क्षमता निर्माण पर केंद्रित है। इस क्षमता निर्माण पहल का उद्देश्य प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन, सतत शहरी विकास और शहरी शासन में यूएलबी प्रतिनिधियों के कौशल और ज्ञान को बढ़ाना है, जो अंतत: एक स्वच्छ, हरित और अधिक टिकाऊ सोलन जिला में योगदान देगा।


