#Social

शीतला माता मंदिर की दानपेटियों से चोरी, चोरों ने 45 हजार नकद पर किया हाथ साफ


Bhatapara. भाटापारा। शहर के हथनीपारा क्षेत्र स्थित प्राचीन शीतला माता मंदिर में अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। मंदिर परिसर में रखी दो दान पेटियों के ताले तोड़कर चोरों ने करीब ₹45,000 नगद राशि चोरी कर ली। घटना से मंदिर समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं में आक्रोश व्याप्त है। श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड निवासी और मंदिर समिति के अध्यक्ष ने बताया कि मंदिर में साप्ताहिक बाजार से प्राप्त चंदा, श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाया गया दान, नारियल, चावल, दाल आदि सामग्री की बिक्री से प्राप्त राशि को नियमित रूप से मंदिर के भीतर और बाहर रखी दो दानपेटियों में संग्रहित किया जाता है। इन पेटियों को तीन माह में एक बार खोला जाता है और इन पर ताला रहता है, जिसकी चाबी केवल अध्यक्ष के पास रहती है।
मंदिर समिति में अध्यक्ष के अलावा उपाध्यक्ष संतोष कुमार साहू, सचिव सियाराम साव, कोषाध्यक्ष पवन देवांगन समेत कुल 25 सदस्य शामिल हैं। प्रतिदिन रात 9:30 बजे तक समिति के सदस्य मंदिर में मौजूद रहते हैं। 22 जुलाई की रात आरती के बाद उपाध्यक्ष संतोष कुमार साहू ने मंदिर के गर्भगृह, बाहर और मुख्य गेट में ताला लगाकर परिसर को बंद किया था। अगली सुबह 23 जुलाई को सुबह 5:00 बजे, जब संतोष कुमार साहू मंदिर खोलने पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि मुख्य गेट का ताला सही सलामत था, लेकिन अंदर दान पेटियों के ताले टूटे हुए थे। उन्होंने तत्काल अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों को सूचना दी। सभी सदस्य मंदिर पहुंचे तो पाया कि दोनों दानपेटियों के ताले तोड़ दिए गए हैं और भीतर रखे लगभग ₹45,000 की नगद राशि चोरी हो गई है।
समिति सदस्यों के अनुसार, यह चोरी 22 जुलाई की देर रात से 23 जुलाई की तड़के के बीच अंजाम दी गई। चोर बड़ी ही चालाकी से अंदर घुसे और केवल दानपेटियों को निशाना बनाया। मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण चोरों की पहचान में फिलहाल मुश्किल हो रही है। घटना की शिकायत स्थानीय थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मंदिर परिसर की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मंदिर समिति ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने इस घटना को आस्था पर चोट बताते हुए जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button