#Social

सत्यम नर्सिंग कालेज लंजोत में पंजाबी-पहाड़ी गानों पर झूमे छात्र


Shahpur. शाहपुर। सत्यम नर्सिंग कालेज लंजोत, शाहपुर का वार्षिक समारोह धूमधाम से मनाया गया। इसमें सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। शाहपुर की पूर्व विधायक एवं मंत्री सरवीण चौधरी विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद रहीं। कालेज कैंपस में पहुंचने पर सत्यम कालेज के अध्यक्ष कमल शर्मा, प्रबंध निदेशक परमिंद्र सिंह ने स्टाफ सहित जोरदार स्वागत किया। अपने संबोधन में सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में देश की आर्थिक व्यवस्था मजबूत हुई है जो कि पांचवें स्थान पर पहुंच गई है तथा आने वाले दो-तीन वर्षों में भारत विश्व आर्थिक व्यवस्था में तीसरे स्थान पर पहुंच जाएगा। उन्होंने प्रदेश सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि जो गारंटियां प्रदेश सरकार ने चुनाव के समय में जनता से वोट मांगने के लिए पेश की थी, उन सभी को बंद करके जनता से

छल किया जा रहा है।

यही नहीं सरकार कर्मचारियों को समय पर मासिक राशि तथा पेंशन देने में नाकाम रही है। उन्होंने छात्राओं को कहा कि नर्सिंग का मतलब सेवा भाव है, जिससे आप अपना नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर शिक्षा हमें आगे बढऩे का मार्ग दिखती है व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बल पर ही आज की युवा पीढ़ी देश-विदेश में अपना नाम रोशन कर रही है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कालेज की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत विभिन्न पहाड़ी, पंजाबी, राजस्थानी, गुजराती, मराठी, जम्मू-कश्मीर, हरियाणवी, दक्षिण भारतीय आदि राज्यों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों व एकल नृत्य की खूब सराहना की। इस अवसर पर पूर्व विधायक कांगड़ा संजय चौधरी, प्रदेश महिला मोर्चा महामंत्री रजनी ठाकुर, शाहपुर मंडल अध्यक्ष रवि दत्त शर्मा, जिला महामंत्री राकेश चौहान, मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष अरुण कौशल, पूर्व मंडल अध्यक्ष योगराज चढ्ढा, मंडल महामंत्री जन्म सिंह, प्रदेश ओबीसी मोर्चा कार्यालय सचिव मनजीत, जिला आईटी संयोजक जसविंदर सिंह, बाबूराम आदि सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button