#Social
सुरक्षा कड़ी, बर्फी और बेसन का प्रसाद

Chamba. चंबा। चैत्र नवरात्रों को लेकर ऐतिहासिक भद्रकाली भलेई भाता मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। नवरात्रों के दौरान हरेक गतिविधि पर नजर रखने के लिए मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे की तीसरी आंख का पहरा भी बिठाया गया है। इसके साथ ही मंदिर में दर्शन हेतु आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर इंतजाम किए गए हैं। नवरात्रों के दौरान मंदिर परिसर में रोजाना भंडारे का आयोजन भी होगा। इसके अलावा नवरात्रों के दौरान मंदिर काउंटर पर श्रद्धालुओं को रियायती दरों पर देशी घी की बर्फी व बेसन का प्रसाद भी उपलब्ध रहेगा। साथ ही नवरात्रों के दौरान मंदिर के जगराता भवन में माता की मूर्तियां भी स्थापित की गई है। रविवार को चैत्र माह के प्रथम नवरात्र के दिन भलेई माता मंदिर में मुख्य पुजारी डा. लोकीनंद शर्मा की देखरेख में दुर्गा सप्तशती का पाठ आरंभ होगा, जोकि पांच अप्रैल को अष्टमी के दिन हवन की पूर्णाहूति के साथ संपन्न
होगा।
नवरात्रों के दौरान मंदिर में कानून व सुरक्षा के दौरान पुलिस जवानों की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है। उल्लेखनीय है कि भद्रकाली भलेई माता मंदिर हिमाचल के अलावा पडोसी राज्य पंजाब व जम्मू-कश्मीर के लोगों की आस्था का केंद्र हैं। नवरात्रों के दौरान इन जगहों से हजारों की तादाद में श्रद्धालु माता के दरबार में हाजिरी भरते हैं। उधर, भलेई माता मंदिर कमेटी के प्रधान कमल ठाकुर ने बताया कि नवरात्रों के दौरान मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतर प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि नवरात्रों को लेकर मंदिर की भव्य सज्जा की गई है। उन्होंने बताया कि मंदिर के मुख्य द्धार का ओडिशा के शिल्पकारों से पुर्ननिर्माण करवाकर नई लुक प्रदान की गई है। नवरात्रों के दौरान मंदिर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाएगा। बहरहाल, नवरात्रों के दौरान मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हरेक तैयारी पूर्ण कर ली गई है।




