#Social
सोलन शहर में पार्किंग को दस करोड़ मंजूर

Solan. सोलन। शहर के पुराने बस स्टैंड पर बहुप्रतीक्षित पार्किंग बनने का रास्ता अब साफ होता दिखाई दे रहा है। इस पार्किंग के निर्माण के लिए निगम को सरकार की ओर से दस करोड़ रुपए की स्वीकृति मिल चुकी है। स्वीकृत राशि के मिलते ही निगम द्वारा पुराने बस स्टैंड पर पार्किंग का निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। इसका जिक्र हाल ही में निगम मेयर द्वारा प्रस्तुत बजट में किया गया है। शहर में पार्किंग की समस्या विकराल रूप धारण कर चुकी है। शहर में पंजीकृत वाहन हजारों में हैं और पार्किंग मात्र कुछ सैकड़ों की ही है। ऐसे में मजबूरन लोगों को अपने वाहन सडक़ किनारे यहां-वहां पार्क करने पड़ते हैं। इस समस्या को संज्ञान में लेते कुछ वर्ष पहले शहर के पुराने बस स्टैंड के समीप पार्किंग बनाने की योजना पर विचार शुरू किया
गया था।
हालांकि कभी सेना की जमीन तो कभी फंड की कमी और कभी अन्य वजहों के चलते यह योजना सिरे नहीं चढ़ पा रही थी। लेकिन अब जब सरकार की ओर से राशि स्वीकृत की जा चुकी है तो अब इस स्थान पर पार्किंग बनने की उम्मीद भी जगी है। उषा शर्मा, मेयर नगर निगम सोलन ने बताया कि शहर में पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निगम प्रतिबद्ध है। पार्किंग योजनाओं को तैयार कर सरकार की मंजूरी के लिए भेजा जा रहा है और कुछ पर कार्य आरंभ भी हो चुका है। पुराने बस स्टैंड पर पार्किंग के लिए दस करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत हो गई है और राशि मिलते ही निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।




