#Social

40 लाख से ज्यादा की ठगी, पैथोलॉजी लैब के मालिक को ऐसे बनाया गया निशाना


ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे में 47 वर्षीय पैथोलॉजी लैब मालिक से शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 42.35 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार एक जालसाज ने बदलापुर क्षेत्र के बेलावली निवासी पीड़ित लैब पैथोलॉजी मालिक से फोन पर संपर्क किया. इसके बाद उसे शेयरों में निवेश करने का लालच देकर बेहतर रिटर्न का वादा किया और फिर ठगी कर ली. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी.
मामले की जानकारी देते हुए बदलापुर पश्चिम पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने पीड़ित को इन्वेस्टमेंट लिंक मुहैया कराए. इस लिंक के जरिए पीड़ित ने जून 2023 से नवंबर 2024 के बीच 4235476 रुपये का लेनदेन किया. हालांकि, कुछ दिनों बाद जब पीड़ित ने आरोपियों से बातचीत की तो कोई जवाब नहीं मिला. जिसके बाद पीड़ित ने सोमवार को पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने बताया कि जालसाजों के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. साथ ही आरोपियों की तलाश की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. आपको बता दें कि साइबर ठगों ने इससे पहले भी ठाणे में एक व्यक्ति से शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ठगी की थी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button