हाईवे पर भीषण हादसा, ट्रक की टक्कर से 3 युवकों की मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क से उछल गया और करीब 30 मीटर दूर जाकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग तत्काल घटनास्थल की ओर दौड़े और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी। दुर्घटना में रामेश्वर साहू (32 वर्ष) और सुमित कुमार रात्रे (21 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राहुल बंजारे (24 वर्ष) और गोवर्धन यादव (24 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान राहुल बंजारे ने भी दम तोड़ दिया। इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई। फिलहाल गोवर्धन यादव का अस्पताल में उपचार जारी है। उसकी हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए। मृतकों के शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थाना प्रभारी विनोद कश्यप ने बताया कि चारों युवक कांपा गांव से ट्रैक्टर में सवार होकर बिरकोनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
Source link


