एक हादसे ने उजाड़ दिया पूरा परिवार, अकेली बची 10 साल की मासूम

जालोर। राजस्थान के जालोर जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। रामसीन-भीनमाल स्टेट हाईवे पर राजस्थान रोडवेज की बस और टेंपो की आमने-सामने की टक्कर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। हादसे में मां और दो बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल आठ वर्षीय बेटे की उपचार के दौरान मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में अब केवल 10 साल की बेटी जानवी बची है।

जानकारी के अनुसार, हादसा 22 अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे भरुड़ी चौराहे के पास हुआ। मुथला कांबा गांव निवासी ललिता देवी अपने बच्चों और भाई पुरुषोत्तम के साथ रामसीन स्थित मंदिर में दर्शन करने गई थीं। दर्शन के बाद परिवार टेंपो से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान भीनमाल से उदयपुर की ओर जा रही राजस्थान रोडवेज की बस से टेंपो की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में ललिता देवी (42), उनके बेटे कैलाश (19) और बेटी सुमन कुमारी (17) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सबसे छोटा बेटा राजू (8) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया गया, लेकिन 23 अक्टूबर को उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि करीब आठ महीने पहले परिवार के मुखिया रमेश कुमार की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। पिता के निधन के बाद बड़े बेटे कैलाश ने परिवार की जिम्मेदारी संभाली थी। वह किराए पर टैक्सी चलाकर घर का खर्च उठाता था। वहीं, मां ललिता देवी आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में काम करती थीं।

अब इस हादसे ने परिवार के चार और सदस्यों की जान ले ली। परिवार में बची 10 वर्षीय जानवी के सिर से माता-पिता का साया उठ चुका है और उसने अपने तीनों भाई-बहनों को भी खो दिया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मां और दो बच्चों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किए जाने की खबर ने लोगों को भावुक कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और टेंपो को जब्त कर लिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button