सिमगा विकासखंड में धान खरीदी की विधिवत शुरुआत

सिमगा। खरीफ विपणन वर्ष में धान की सरकारी खरीदी का दौर सिमगा विकासखंड में पूरी विधि-विधान के साथ शुरू हो गया। विकासखंड के सभी सहकारी समितियों में जनप्रतिनिधियों, किसानों और समिति पदाधिकारियों की मौजूदगी में तौल कांटा,छत्तीसगढ़ महतारी और मां अन्नकुंवारी की पूजा-अर्चना की गई और इसके बाद धान खरीदी केंद्रों का शुभारंभ किया गया।

शुभारंभ के अवसर पर सिमगा समिति में अध्यक्ष छोटू यादव, कामता में रोहित साहू, पौंसरी में परस पटेल, दामाखेड़ा में हीरा लाल साहू, तुलसी में शिव कुमार निषाद, चौरेंगा में भोला वर्मा और विश्रामपुर में हेमसिंह चौहान के नेतृत्व में कार्यक्रम संपन्न हुए। सभी केंद्रों पर किसानों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही और पूरे माहौल में उत्साह का वातावरण देखने को मिला।

– Advertisement –

Ad image

सिमगा सोसायटी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में नगरपालिका उपाध्यक्ष विकास सोनकर, पार्षद प्रियंका अनूप तिवारी, पितांबर सोनकर, टेबू देवांगन, विष्णु जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। यहां सभी ने एक साथ मां अन्नकुंवारी की पूजा की और तौल कांटे का पूजन कर खरीदी कार्य का श्रीगणेश किया।

– Advertisement –

Ad image

इस वर्ष 50 हजार क्विंटल खरीदी का लक्ष्य

इस वर्ष सिमगा कृषि मंडी में लगभग 50 हजार क्विंटल धान खरीदने का लक्ष्य रखा गया है। प्रशासन ने इसके लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त तैयारियां कर ली हैं, ताकि लक्ष्य को समय पर पूरा किया जा सके और किसानों को अपना धान बेचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रदेश में 316 नए केंद्र, कचलोन बना नया केंद्र

मुख्यमंत्री द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस वर्ष पूरे छत्तीसगढ़ में लगभग 316 नए धान खरीदी केंद्र बनाए गए हैं, ताकि किसानों को अपने नजदीक ही धान बेचने की सुविधा मिल सके और उन्हें दूर नहीं जाना पड़े।
इसी कड़ी में इस वर्ष सिमगा विकासखंड में कचलोन सोसायटी को नए केंद्र के रूप में बनाया गया है। इस नए केंद्र में लगभग 40 से 45 हजार क्विंटल धान खरीदने का लक्ष्य रखा गया है। इससे कचलोन और आसपास के गांवों के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी और वे अब अपने ही क्षेत्र में आसानी से धान बेच सकेंगे।

इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि धान बेचने में उन्हें किसी तरह की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। शासन-प्रशासन की ओर से सभी केंद्रों पर पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई हैं। सोसायटियों में तौल कांटा, बारदाना, नमी मापक यंत्र, बैठने की व्यवस्था और पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि किसान आराम से अपना धान लाकर बेच सकें।

जनप्रतिनिधियों ने किसानों से अपील की कि वे टोकन व्यवस्था के अनुसार ही अपना धान लेकर आएं, जिससे खरीदी कार्य सुचारू रूप से चलता रहे और किसी को अनावश्यक भीड़ या परेशानी का सामना न करना पड़े। समय पर टोकन कटवाने और तय तिथि पर धान लाने से भुगतान प्रक्रिया भी जल्दी पूरी होगी।

वहीं अनुविभागीय अधिकारी अतुल शेटे ने भी सिमगा सोसायटी पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने तौल कांटा, बारदाना, स्टॉक रजिस्टर और अन्य व्यवस्थाओं को देखा और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि किसानों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि तौल और भुगतान की पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ पूरी की जाए, किसी भी किसान को बेवजह इंतजार न करना पड़े और न ही किसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़े।
किसानों ने भी खरीदी केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। उनका कहना था कि इस बार पहले दिन से ही व्यवस्थाएं दुरुस्त दिख रही हैं, नए केंद्र बनने से उन्हें काफी सुविधा होगी, जिससे उन्हें उम्मीद है कि इस सीजन में धान बेचने का काम आसानी से होगा।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button