सेक्स सीडी कांड में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, सुनवाई पर रोक
रायपुर। सुप्रीम कोर्ट ने छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित सीडी कांड की राज्य में चल रही सुनवाई पर रोक लगा दी है। ये रोक सीबीआई द्वारा दायर की गई उस याचिका के आधार पर लगाई गई है जिसमें सीबीआई ने इस केस के गवाहों को स्थानीय लोगों द्वारा धमकाए जाने की बात कही थी। सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को नोटिस जारी कर इस मामले में जवाब मांगा है।
इस मामले की जांच कर रहे सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर कहा था सीडी कांड के गवाहों को कुछ लोगों द्वारा धमकाया जा रहा है जो सरकार से जुड़े हुए हैं, वहीं ये बात भी सामने लाई गई थी कि कुछ लोगों पर जबरिया अपराध दर्ज किए जा रहे हैं जो इस केस में बतौर गवाह जुड़े हुए हैं। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए राज्य के स्थानीय अदालतों में चल रही इस केस की सुनवाई पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है साथ ही राज्य सरकार और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सलाहकार विनोद वर्मा को इस मामले में नोटिस भी जारी किया है।




