कोरोना वायरसःअब नोएडा सेक्टर 74 की एक सोसाइटी में एक शख्स का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव, दो दिन के लिए सील की गई सोसाइटी

कोरोना वायरस के प्रकोप भारत में तेजी से बढ़ता जा रहा है. अब नोएडा सेक्टर 74 की एक सोसाइटी में एक शख्स का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है. उसके बाद पूरी सोसाइटी को दो दिन के लिए पूरी तरह से सील कर दिया गया है. जिससे 20 हजार लोग घरों में कैद हो गए हैं. जानकारी के मुताबिक, गौतमबुद्ध नगर के नोएडा सेक्टर 74 की सुपरटेक केपटाउन सोसायटी में एक शख्स का कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है.

उसके बाद गौतमबुद्ध नगर के डीएम बीएन सिंह ने दो दिन के लिए सोसायटी को सील करने का आदेश दिया है. साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों में ही रहे. बता दें कि सुपरटेक केपटाउन सोसायटी में कुल 4,500 फ्लैट हैं जिनमें 20 हजार लोग रहते हैं. मामला सामने आने के बाद सोसायटी के लोगों में दहशत का माहौल है. इसी के साथ नोएडा में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मरीजों की संख्या पांच हो गई है.

बताया जा रहा है कि सुपरटेक केपटाउन सोसायटी में रहने वाला यह व्यक्ति करीब दस दिन से घर में कैद था. सूचना मिलने पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम शुक्रवार को मौके पर पहुंची. उसके बाद उसे जांच के लिए अपने साथ ले ले गई. शुक्रवार को ही सैंपल भेजे गए थे. शनिवार सुबह ही इस शख्स की रिपोर्ट आई है जिसमें उसे कोरोना वायरस पॉजिटिप पाया गया है.

मामला सामने आने के बाद जिलाधिकारी ने सोसायटी को दो दिन के लिए सील करने का आदेश दिया है. इसके साथ ही अब 23 मार्च तक सोसायटी का परिसर बंद रहेगा. दूध और अन्य जरूरी सामान ही सोसायटी में भेजे जा सकेंगे. प्रशासन अब उस व्यक्ति के संपर्क में आने वाले सभी लोगों के बारे में पता लगाने की कोशिश कर रहा है. जिससे अन्य लोगों को कोरोना के प्रकोप से बचाया जा सके. इस शख्स के संपर्क में आए सभी लोगों ने खुद को आइसोलेट कर लिया है और अब उनकी जांच की जाएगी.

देशभर में अबतक कोरोना वायरस के 275 मामले सामने आ चुके हैं. जिनमें से पांच लोगों की मौत हो गई है. इनमें से 39 विदेशी नागरिक बताए जा रहे हैं. इन विदेशी नागरिकों में 17 इटली, तीन फिलीपीन, दो ब्रिटेन, कनाडा, इंडोनेशिया और सिंगापुर का एक-एक नागरिक शामिल है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button