धर्मांतरण के मामले में छत्तीसगढ़ में सियासी उबाल, भाजपा ने घेरा थाना, भाजपाइयों पर कार्रवाई से उपजा आक्रोश
Political boil in Chhattisgarh in the matter of conversion, BJP surrounded the police station, anger stemmed from action on BJP workers
रायपुर। छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण का मुद्दा गरमाया हुआ है. बीजेपी धर्मांतरण के मुद्दे पर सरकार को घेरने पर कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है. मंगलवार को बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने पुरानीबस्ती थाने घेराव कर दिया. एकतरफा कार्रवाई के विरोध में जिला भाजपा के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में विरोध प्रदर्शन किया. बीजेपी ने विशेष समाज के प्रतिनिधि के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है और कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है.
दरअसल धर्मांतरण की शिकायत पर रायपुर के पुरानी बस्ती थाने में पादरी की पिटाई कर दी गई थी. अब इस मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है. आज दोपहर में धर्मांतरण के मुद्दे पर बीजेपी की जिला स्तरीय बैठक हुई थी. जिसमें मारपीट और एफआईआर को लेकर रणनीति बनाई गई थी. इस बैठक में पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत समेत कई नेता शामिल हुए थे.पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कहा था कि अगर बीजेपी की तरफ से भी एफआईआर दर्ज नहीं की जाती है, तो धरना प्रदर्शन और आंदोलन के माध्यम से विरोध दर्ज कराया जाएगा. उन्होंने प्रादेशिक आंदोलन तक की चेतावनी दी थी.
बता दें कि रायपुर के भाटागांव इलाके में धर्मांतरण की शिकायत पर पुलिस ने ईसाई संगठन के लोगों को थाना बुलाया था. इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंच गए असमाजिक तत्वों ने पहले थाना का घेराव किया, फिर थाने के भीतर जमकर हंगामा मचाते हुए थाना प्रभारी के कक्ष में पादरी की जूते से पिटाई कर दी थी.




