मुख्यमंत्री के बेटे को ED का बुलावा, CM बोले भाजपा नहीं चाहती किसानों और गरीबों के लिए काम करूं
डेस्क। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को विदेशी मुद्रा उल्लंघन (फेमा) जांच में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को समन जारी किया. मामले पर अशोक गहलोत ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ईडी हर रोज समन इसलिए भेज रही है क्योंकि राजस्थान में विकास का काम न हो सके. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी बात रखी.
उन्होंने कहा, “दिनांक 25/10/23 राजस्थान की महिलाओं के लिए कांग्रेस की गारंटियां लॉन्च और दिनांक 26/10/23 -राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह जी डोटासरा के यहां ED की रेड – मेरे बेटे वैभव गहलोत को ED में हाज़िर होने का समन. अब आप समझ सकते हैं, जो मैं कहता आ रहा हूं कि राजस्थान के अंदर ED की रेड रोज़ इसलिए होती है क्योंकि भाजपा ये नहीं चाहती कि राजस्थान में महिलाओं को, किसानों को, गरीबों को कांग्रेस द्वारा दी जा रही गारंटियों का लाभ मिल सके.”
किस मामले में ईडी की छापेमारी
सरकारी स्कूल के शिक्षकों की भर्ती के लिए आयोजित की जा रही राजस्थान शिक्षक पात्रता परीक्षा 2021 में कथित पेपर लीक मामले में ईडी ने कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और निर्दलीय विधायक ओम प्रकाश हुडला के आवास पर भी छापेमारी की. ईडी के अधिकारी डोटासरा के जयपुर और सीकर स्थित आवास पर पहुंचे. सुबह साढ़े आठ बजे जब ईडी की कार्रवाई शुरू हुई तो वह सीकर स्थित अपने आवास पर थे.
वहीं, बीजेपी नेता किरोड़ी लाल मीणा ने कहा है कि वह संचार घोटाला मामले पर ईडी से चर्चा करेंगे. इस कदम से पता चलता है कि ईडी की कार्रवाई वैभव गहलोत को तलब करने से आगे बढ़ सकती है.इसमें राज्य में संचार घोटाले का व्यापक मुद्दा भी शामिल हो सकता है. खबरों की मानें तो ईडी ने वैभव को फेमा मामले में पूछताछ के लिए बुलाया है.गौरतलब है कि करीब चार महीने पहले राजस्थान शिक्षक पात्रता परीक्षा पेपर को लेकर आरोप सामने आए थे, जिसमें गोविंद सिंह डोटासरा और उनके परिवार पर आरोप लगे थे.


