नवागढ़ से गुरूदयाल की टिकट पक्की, स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में लग सकती है मुहर
रायपुर। प्रदेश में अब जब चुनाव को महज कुछ दिन बाकी है तो ऐसे में टिकट के दावेदार टिकट पाने के लिए हर पैंतरा अपना रहे हैं तो वहीं कांग्रेस भाजपा में अब प्रत्याशियों का चेहरा भी साफ होने लगा है। कांग्रेस में जहां एक तरफ लगभग सभी विधायकों की टिकट पक्की है तो मंत्री रूद्र कुमार के दो स्थानों से दावेदारी कर पार्टी को असमंजस में डाल दिया है हांलाकि पार्टी के विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक नवागढ़ से वर्तमान विधायक गुरूदयाल बंजारे की टिकट पक्की हो चुकी है तथा पार्टी नवागढ़ से उन्हें ही प्रत्याशी बनाएगी।
विधानसभा चुनाव के लिए एक तरफ भाजपा में नए चेहरों को तरजीह दी जा रही है तो दूसरी तरफ कांग्रेस अपने वर्तमान विधायकों पर ही भरोसा जता रही है। कांग्रेस में 30 से अधिक सीटों पर सिंगल नामों का पैनल है तो वहीं कुछ जगह पर दो नामों का पैनल है कई सीट तो ऐसे भी हैं जहां दर्जनभर दावेदारों ने दावेदारी की थी। कांग्रेस के लिए कैबिनेट मंत्री रुद्र कुमार ने बड़ी दुविधा पैदा कर दी है उन्होंने अपने वर्तमान सीट अहिवारा के अलावा नवागढ़ से भी दावेदारी की है, हांलाकि अब पार्टी के विश्वस्थ सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस आलाकमान के फैसले के मुताबिक नवागढ़ के वर्तमान विधायक गुरूदयाल बंजारे को ही नवागढ़ से प्रत्याशी बनाया जाएगा तथा गुरू रूद्र कुमार को अहिवारा से ही प्रत्याशी घोषित किया जाएगा माना जा रहा है कि आज स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में इस पर अंतिम मुहर भी लग जाएगी। गुरूदयाल बंजारे के बारे में कहा जाता है कि नवागढ़ में जनता के बीच उनकी इमेज काफी अच्छी है तथा जनता के बीच वे काफी लोकप्रिय हैं यदि उनके स्थान पर किसी और को वहीं से प्रत्याशी बनाया जाता है तो नवागढ़ से कांग्रेस को हार का मुंह देखना पड़ सकता है।




