#Social

बिहार में महंगाई एक बड़ा मुद्दा, विकास पर होनी चाहिए बात: शक्ति सिंह यादव


पटना: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के ‘देश में हिंदू राष्ट्र की शुरुआत बिहार से होगी’ वाले बयान को लेकर सियासत तेज हो गई है। धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर राजद की प्रतिक्रिया आई है।
राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा, “बिहार में दवाई, कार्रवाई, सुनवाई, सिंचाई और पढ़ाई की बात होती है। कौन आता है और क्या बोलता है, ये उनका विषय है। राष्ट्रीय जनता दल मुद्दों की बात करता है। आज देश के अंदर में 100 करोड़ लोगों की मासिक आय 7,000 हजार है, उसका सशक्तिकरण कैसे होगा, हम उसकी बात करते हैं।”
उन्होंने कहा, “बिहार में महंगाई एक बड़ा मुद्दा है, हम उसकी बात करते हैं। बिहार बेरोजगारी के मामले में सबसे फिसड्डी है और इन्वेस्टमेंट के मामले में भी सबसे फिसड्डी है। हमारे यहां साक्षरता दर सबसे कम है। शिक्षा, चिकित्सा में यहां की हालत सबसे खराब है। हम उसको सशक्त करने की बात करते हैं। 94 लाख परिवार की मासिक आय 6,000 से भी कम है, हम उनको सब्सिडी देने की बात करते हैं।”
प्रसिद्ध कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बिहार दौरे के दौरान कहा कि अगर हिंदू अकेले रहेंगे तो वे टूट जाएंगे, लेकिन अगर वे एकजुट होकर रहेंगे तो कोई भी उन्हें तोड़ नहीं सकता। अगर कुत्ते को एक पत्थर मारा जाए तो वह भाग जाएगा, लेकिन वही पत्थर अगर मधुमक्खी के छत्ते पर मारा जाए तो आपको ही भागना पड़ेगा। इसका मतलब यह है कि कुत्ता अकेला था, जबकि मधुमक्खी एकजुट थी।
कथावाचक ने संविधान संशोधन को लेकर भी राय व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग कह रहे हैं कि हम संविधान के खिलाफ हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। हम भारत के संविधान का सम्मान करते हैं, लेकिन इससे पहले भी 125 बार से ज्यादा संविधान में संशोधन हो चुका है और यदि जरूरत पड़ी तो एक बार फिर हिंदू राष्ट्र के लिए संविधान में संशोधन किया जाएगा।
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 6 मार्च से 10 मार्च तक बिहार के गोपालगंज जिले में हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button