#Social
सिरमौर में खाद्यान्न, पेट्रोल, डीजल और एलपीजी पर्याप्त मात्रा में

Nahan. नाहन। देश में चल रहे युद्ध जैसे हालात को मद्देनजर रखते हुए कृषि मंत्रालय भारत सरकार द्वारा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के साथ शुक्रवार को एक वीडियो कान्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस वीडियो कान्फ्रेंस में कृषि मंत्रालय भारत सरकार द्वारा यह अवगत करवाया गया कि भारत सरकार के पास खाद्यान्नों में गेहूं और चावल की मात्रा पर्याप्त उपलब्ध है। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने बताया कि इसके लिए आम जनमानस से अपील की जाती है कि घबराहट में अनावश्यक रूप से खाद्यान्नों का भंडारण न करें। यदि बाजार में कोई भी व्यक्ति जमाखोरी या मुनाफाखोरी अथवा मूल्यों से अधिक दरों पर आपको खाद्यान्न उपलब्ध
करवाता है।
इससे संबंधित शिकायत खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के टोल फ्री नंबर 1967 पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने बताया कि इसके अलावा सभी लोगों को यह भी अवगत करवाया जाता है कि जिला में पेट्रोल, डीजल व एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है। सभी शृंखलाएं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं। उन्होंने सभी रिटेल आउटलेट पर ईंधन व एलपीजी उपलब्ध होने की बात कही। उन्होंने समस्त जनमानस से आग्रह किया कि घबराहट में अतिरिक्त खरीददारी से बचें। साथ ही यह भी आह्वान किया कि शांत रहकर व अनावश्यक भीड़ से बचकर सभी मिलकर आपूर्ति व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने में अपना योगदान दें।




