गल्ला मंडी और दवा मार्केट में लगी भीषण आग, 150 से अधिक दुकानें और गोदाम जलकर खाक…

UP News : कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में मंगलवार को एक साथ दो बड़े हादसों ने दहशत मचा दी। कलक्टरगंज गल्ला मंडी और बिरहाना रोड दवा मार्केट में भीषण आग लगने से करीब 150 छोटी-बड़ी दुकानें और गोदाम जलकर राख हो गए। शॉर्ट सर्किट को दोनों घटनाओं का प्राथमिक कारण बताया जा रहा है। आग की चपेट में आने से गल्ला मंडी में पांच-छह लोग झुलस गए, जिन्हें तत्काल उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दमकल विभाग की दर्जनों गाड़ियां घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने में जुटी रहीं, लेकिन रुई के गोदाम और तेल के ड्रमों में विस्फोट के कारण स्थिति नियंत्रण से बाहर रही।

UP News :

कलक्टरगंज गल्ला मंडी में सुबह शुरू हुई आग ने देखते ही देखते 50 से अधिक दुकानों और गोदामों को अपनी चपेट में ले लिया। दुकानदारों के अनुसार, ई-रिक्शा चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से आग की शुरुआत हुई, जो तेजी से रुई और तेल के ड्रमों तक फैल गई। आग की लपटें और धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था। स्थानीय लोगों ने बताया कि सिलेंडर और तेल के ड्रमों में विस्फोट होने से स्थिति और भयावह हो गई। लाटूश रोड, कर्नलगंज, मीरपुर, और फजलगंज फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और तीन तरफ से आग बुझाने का प्रयास किया।

हालांकि, रुई के गोदाम में लगी आग पर देर तक काबू नहीं पाया जा सका। इस हादसे में पांच-छह लोग झुलस गए, जिन्हें उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया। नुकसान का प्रारंभिक अनुमान लाखों रुपये में होने की बात कही जा रही है, लेकिन सटीक आंकलन अभी बाकी है।

UP News : बिरहाना रोड दवा मार्केट में भी हड़कंप

उसी दिन सुबह बिरहाना रोड स्थित चंद्र प्रकाश मार्केट में दीक्षित डिस्ट्रीब्यूटर दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग ने तेजी से आसपास की चार दुकानों को अपनी चपेट में लिया, जिससे पूरा क्षेत्र धुएं से भर गया। चौकीदार ने तत्काल दुकान मालिक और पुलिस को सूचना दी। दमकल विभाग की पांच गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। कर्नलगंज फायर स्टेशन के अग्निशमन अधिकारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग को बिना किसी जनहानि के नियंत्रित कर लिया गया।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button