#Social
प्रभावितों का न्याय दिलाए प्रशासन, SDM के समक्ष पक्ष रखेंगे प्रभावित

Palampur. पालमपुर। पालमपुर क्षेत्र के तहत मुहाल बनूरी में चर्चा में आए 20 से अधिक परिवारों की गलत तरीके से जमीन को बेचने के मामले में प्रशासन अब प्रभावितों का पक्ष जानेगा। पता चला है कि यह प्रभावित परिवार शुक्रवार को जांच अधिकारी एसडीएम के समक्ष अपना पक्ष रखेंगे। गौर रहे कि यह प्रभावित परिवार पिछले कई दशकों से जिस जमीन पर रहते थे उसे गलत तरीके से दस्तावेज तैयार कर आगे बेचा गया, जिसकी बकायदा रजिस्ट्री भी हो गई। हालांकि यह मामला सुर्खियों में आने के बाद रजिस्ट्री रद्द कर दी गई है और मामले की जांच जारी है। इस सारे हेरफेर से अंजान लोगों ने मामला सामने आने के बाद स्थानीय विधायक से भी न्याय की गुहार लगाई और विधायक आशीष बुटेल ने उनको न्याय दिलवाने की बात कही है, जो जमीन इस तरह बेची गई है उसका रबका 100 कनाल से अधिक बताया जा
रहा है।
जिसकी रजिस्ट्री भी बहुत कम समय में हुई बताई जा रही है। 110 कनाल भूमि में मुजारा एक्ट के तहत मिली भूमि पर 20 से अधिक परिवार रह रहे हैं। इस भूमि को बिना इन लोगों के जानकारी के अन्य लोगों के नाम ट्रांसफर कर दिया था। जानकारी के अनुसार मामला चर्चा में आने के बाद अब नई की गई रजिस्ट्री रद्द कर दी गई है और इस मामले में अब प्रभावितों को पूरा पक्ष जाना जाएगा। उधर पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने भी इस मामले को लेकर चिंता जताते हुए प्रभावितों को जल्द से जल्द न्याय देने की बात उठाई है। पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा कि पालमपुर के बनूरी के पास 101 करनाल भूमि को गैर कानूनी तरीके से किसी के नाम किया गया और उसने लाखों रुपए में वह भूमि बेच दी। कानूनी दृष्टि से यह सब कुछ गलत तरीके से हुआ है। उस भूमि पर वर्षों से कुछ परिवार रह रहे हैं। ऐसा लगता है कि एक योजनापूर्वक तरीके से लाखों रुपए की हेराफेरी हुई है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि इन दोनों मामलों में दोषियों को अतिशीघ्र कठोर से कठोर सजा दी जाए।




