#Social
सेंट बीड्स कालेज में यादगार बनी ग्रेजुएशन पार्टी

Shimla. शिमला। सेंट बीड्स कॉलेज में मंगलवार को स्नातक वर्ग के सम्मान में एक भव्य और यादगार ग्रेजुएशन पार्टी का आयोजन किया गया। पूरा परिसर सांस्कृतिक गरिमा और उल्लास से सराबोर नजर आया। प्रवेश द्वार से लेकर मुख्य मंच तक पारंपरिक रंगोली, आकर्षक एथनिक डिजाइन और सजीव रोशनी से सुसज्जित सजावट ने समारोह को विशेष आभा प्रदान की। कार्यक्रम की मुख्य संरक्षिका प्राचार्या सिस्टर रोजिली रहीं, जिनके मार्गदर्शन और आशीर्वाद ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया। समारोह की मुख्यातिथि डॉ पूर्णिमा चौहान ने छात्रों को कॉलेज जीवन से पेशेवर दुनिया में कदम रखने के इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर प्रेरणादायक
विचार साझा किए।
उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ बदलाव को अपनाने और कॉलेज में मिले संस्कारों को जीवनभर संजोकर रखने की प्रेरणा दी। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतिभा का अद्भुत संगम रहा। ऊर्जावान नृत्य प्रस्तुतियों और मधुर संगीत कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शाम का मुख्य आकर्षण थीम आधारित रैंप वॉक रही, जिसमें प्रतिभागियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी शैली और व्यक्तित्व का प्रदर्शन किया। हर प्रतिभागी और अतिथि अपने साथ यादगार पलों की सौगात लेकर लौटा। कार्यक्रम की सफलता में प्रभारी शिक्षिकाओं निवेदिता भारद्वाज, डाक्टर दीप्ति और स्निग्धा भट्ट का विशेष योगदान रहा। उनके कुशल मार्गदर्शन के कारण यह समारोह सभी के लिए अविस्मरणीय बन गया।




