#Social
होली के रंगों में रंगा कुल्लू, जिलाभर में जश्न का माहौल

कुल्लू। देवभूमि कुल्लू मंगलवार को खूब होली के रंगों में रंगी। भगवान रघुनाथ जी की नगरी में होली के पर्व को बड़े हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति रिवाज के साथ मनाया। उत्सव आकर्षण का केंद्र रहा। कुल्लूवासियों ने उमंग भरी होली खेली। जिला कुल्लू के शहरवासियों और दूरदराज गांव के लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर होली का रंग लगाया। बैरागी समुदाय के लोगों ने भी डपुली और झांझ की धुन पर अलग-अलग टोलियों में होली की रीति को निभाया। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों पर कुल्लू वासियों ने इस उत्सव को धूमधाम से मनाया।
खास बात यह है कि देश और प्रदेश में भले ही होली उत्सव चार मार्च को मनाया जा रहा है, लेकिन कुल्लूवासियिों ने कुल्लू की परंपरानुसार इस बार भी होली को एक दिन पूर्व ही मनाया। सुबह से ही अधिष्ठाता देवता भगवान रघुनाथ जी के दर पर भी परंपरा का निर्वहन करने श्रद्धालु पहुंचे। वहीं, अखाड़ा बाजार, लोअर ढालपुर, ढालपुर, सरवरी, रामशिला, गांधीनगर सहित भुंतर, मणिकर्ण में लोगों ने होली को हर्षोल्लास के साथ मनाया।
कुल्लू में होली का उत्सव यानी आपसी भाईचारे का त्योहार होली हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कुल्लू, मनाली, पतलीकूहल, भुंतर, मणिकर्ण सहित अन्य जगहों पर टोलियों में लोगों ने एक-दूसरे को खूब रंग-गुलाल लगाकर खुशियां मनाईं। बच्चों, युवाओं, महिलाओं के साथ बुजुर्गों ने विभिन्न देवी-देवताओं के मंदिरों में जाकर होली के त्योहार पर प्राचीन परंपराओं का निर्वहन किया।




