CAF Soldier Suicide: छुट्टी से लौटते ही उठाया खौफनाक कदम, CAF जवान ने खुद को मारी गोली

खैरागढ़। CG NEWS: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के छूईखदान क्षेत्र में सोमवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब उदयपुर स्थित राजपरिवार के पैलेस की सुरक्षा में तैनात छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान ने अपनी ही सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की तेज आवाज सुनते ही पूरे पैलेस परिसर में अफरा-तफरी मच गई। साथी जवान मौके पर पहुंचे तो देखा कि जवान खून से लथपथ जमीन पर पड़ा हुआ है। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृत जवान की पहचान कृपाचंद सोनवानी (38) के रूप में हुई है, जो CAF की 6वीं बटालियन में पदस्थ था और मूल रूप से भिलाई का रहने वाला था। घटना सोमवार शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच की बताई जा रही है। इस मामले की पुष्टि पुलिस महानिरीक्षक बालाजीराव सोमावार ने की है।

दरअसल, पूर्व विधायक देवव्रत सिंह के निधन के बाद राजपरिवार में चल रहे पारिवारिक विवाद के कारण प्रशासन ने उदयपुर पैलेस और खैरागढ़ के कमल विलास पैलेस को सील कर रखा है। इन परिसरों की सुरक्षा के लिए CAF जवानों की तैनाती की गई है और अलग-अलग शिफ्ट में ड्यूटी लगाई जाती है। बताया जा रहा है कि सोमवार को भी कृपाचंद सोनवानी सामान्य रूप से अपनी ड्यूटी कर रहा था, लेकिन साथी जवानों के मुताबिक वह कुछ समय से तनाव में दिखाई दे रहा था। हालांकि उस समय किसी ने इसे ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया।

इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज आई, जिससे पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। साथी जवान जब मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि कृपाचंद सोनवानी ने अपनी ही सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली थी। तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

जानकारी के मुताबिक कृपाचंद सोनवानी रविवार को ही छुट्टी से लौटकर ड्यूटी पर आया था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि घरेलू या निजी कारणों के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि घटनास्थल से अभी तक कोई सुसाइड नोट या अन्य ठोस सुराग नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है और मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

The post CAF Soldier Suicide: छुट्टी से लौटते ही उठाया खौफनाक कदम, CAF जवान ने खुद को मारी गोली appeared first on Grand News.


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button