#Social

आवारा कुत्तों के हमले में 9 साल की मासूम ने तोड़ा दम, इलाके में मातम


बूंदी: राजस्थान के बूंदी जिले के एक गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. दरअसल, यहां खेत की ओर गई 9 साल की बच्ची पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. इस घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है.
मृतका की पहचान रिंकू भील के रूप में हुई है, जो तलैरा थाना क्षेत्र के अलकोड़िया गांव की रहने वाली थी. वह स्थानीय सरकारी स्कूल में कक्षा 3 की छात्रा थी और उसका परिवार दिहाड़ी मजदूरी कर जीवनयापन करता है. पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 6 बजे रिंकू रोज की तरह घर से बाहर खेत की ओर गई थी. इसी दौरान आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया.
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी राजेश टेलर ने बताया कि कुत्तों ने बच्ची के शरीर को बुरी तरह घायल कर दिया. उसकी चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी. उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तलैरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाया और बाद में परिजनों को सौंप दिया. घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
घटना की सूचना मिलते ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपना कार्यक्रम रद्द कर गांव पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की. उन्होंने परिवार को एक लाख रुपये की तत्काल सहायता राशि दी और सार्वजनिक सहयोग से एक लाख रुपये और देने का आश्वासन दिया. साथ ही, जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि परिवार को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए, जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना भी शामिल है.
ओम बिरला ने प्रशासन को आवारा कुत्तों के हमलों की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश भी दिए हैं. उल्लेखनीय है कि इसी क्षेत्र में कुछ महीने पहले भी एक बच्ची पर कुत्तों के हमले का मामला सामने आया था.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button