आरक्षक कुलदीप मिश्रा की मौत पर ACP ने दिया बड़ा बयान

Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस विभाग से जुड़े एक आरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस लाइन रायपुर में पदस्थ आरक्षक कुलदीप मिश्रा की उपचार के दौरान मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरक्षक ने कथित रूप से सल्फास का सेवन किया था, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस सक्रिय हुई और तत्काल आरक्षक को अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।
राजेंद्र नगर एसीपी नवनीत पाटिल ने मामले को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि 1 अगस्त 2026 की देर रात पुलिस लाइन रायपुर में पदस्थ आरक्षक कुलदीप मिश्रा, जो वर्तमान में अमलीडीह पुलिस कॉलोनी में निवासरत थे, उनके द्वारा कथित रूप से सल्फास का सेवन किए जाने की सूचना मिली थी। एसीपी ने बताया कि सल्फास सेवन के बाद आरक्षक की तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्होंने अपने एक साथी आरक्षक को मोबाइल फोन के माध्यम से इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
Source link



