#Social
BIG BREAKING: आकाशीय बिजली गिरने से गर्भवती महिला की मौत, 25 से अधिक लोग घायल

Sheopur. श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के कराहल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेमरा में शुक्रवार को एक धार्मिक आयोजन के दौरान उस समय मातम छा गया, जब अचानक मौसम बदलने के बाद आकाशीय बिजली गिरने से एक गर्भवती महिला की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 25 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हृदयविदारक हादसा शाम करीब 4:30 बजे घटित हुआ, जब ग्रामीण श्रीमद् भागवत कथा के दौरान कथा श्रवण कर रहे थे।
कथा स्थल बना हादसे का केंद्र
ग्राम सेमरा के हनुमान मंदिर परिसर में श्रीमद भागवत कथा का आयोजन पिछले कुछ दिनों से चल रहा था। शुक्रवार को भी बड़ी संख्या में गांव के महिला-पुरुष और बच्चे कथा सुनने के लिए पंडाल में उपस्थित थे। गर्मी अधिक होने के कारण कई लोग कथा स्थल से थोड़ी दूरी पर स्थित एक जामुन के पेड़ के नीचे जाकर बैठ गए। यह स्थान उनके लिए थोड़ी राहत का माध्यम बना था, लेकिन किसे पता था कि कुछ ही क्षणों में यही जगह मौत और जख्मों का केंद्र बन जाएगी।
अचानक मौसम बदला, बिजली ने ले ली जान
शाम होते-होते मौसम में अचानक बदलाव आया। तेज गरज और चमक के साथ बादल छाने लगे, और अचानक एक जोरदार आवाज के साथ बिजली सीधे उस जामुन के पेड़ पर गिर गई, जिसके नीचे ग्रामीण कथा सुनने के लिए बैठे थे। बिजली गिरते ही जोरदार धमाका हुआ और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। करीब 25 ग्रामीण इसकी चपेट में आ गए।
गर्भवती महिला की मौके पर मौत
इस हादसे में सबसे दर्दनाक क्षति 19 वर्षीय गीता बाई पत्नी देवराज आदिवासी निवासी सेमरा की हुई, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, गीता बाई चार माह की गर्भवती थीं और कथा के दौरान पेड़ के नीचे बैठी थीं। बिजली की चपेट में आने से उनकी तत्काल मृत्यु हो गई।
घायलों में महिलाएं और बच्चे अधिक
हादसे में घायल हुए अधिकांश लोग महिलाएं और बच्चे हैं, जो कथा सुनने के लिए आए हुए थे। घायलों की पहचान निम्न रूप में की गई है: करीना आदिवासी (16), कृष्णा बाई (25), जमुना बाई (42), रामी आदिवासी (16), राजवती (40), लक्ष्मी जाटव (40), निशा (20), किरन (15), गुड्डी बाई (40), संगीता (12), वंदना (25), विदेशा (15), रोहिनी (10), चायना (30), कुलदीप (7), सुआ आदिवासी (40), लक्ष्मी (5), सालू (16), ज्योति (30), वंदना (60), नीतू (15), प्रीति (45) ये सभी सेमरा, निमानिया, सिरसनवाड़ी और बंदनहार गांवों के निवासी हैं।
स्वास्थ्य केंद्र में हड़कंप, कई गंभीर हालत में
घायलों को तत्काल कराहल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां पर प्राथमिक उपचार किया गया। कई घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल श्योपुर के लिए रेफर किया गया है। अस्पताल परिसर में घायलों की चीख-पुकार और उनके परिजनों का विलाप देखकर माहौल बेहद गमगीन हो गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही कराहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता एवं घायलों के समुचित इलाज की मांग की है। मृतका गीता बाई के परिजन गहरे शोक में डूबे हैं। गांव में मातम पसरा है और धार्मिक आयोजन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।




