बड़ी खबर ; बागेश्वर बाबा को बड़ी राहत, इधर बाबा को मिली जान से मारने की धमकी
नागपुर पुलिस ने बाबा बागेश्वर धाम को बड़ी राहत दी है। नागपुर पुलिस ने धीरेंद्र शास्त्री को क्लीन चिट दे दी है। बता दें अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के संस्थापक श्याम मानव ने धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उसी शिकायत की जांच करने के बाद नागपुर पुलिस ने धीरेंद्र शास्त्री को क्लीन चिट दी है।
नागपुर पुलिस ने दिया बयान –
नागपुर पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि 7-8 जनवरी दरबार से जुड़े वीडियो की पूरी पड़ताल की गई। पुलिस ने बताया पूरी पड़ताल करने के बाद वीडियो में ऐसा कुछ भी नहीं पाया गया जो यह साबित करे कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अंधश्रद्धा कानून 2013 के तहत कोई अंधविश्वास फैलाया है।
बता दें कि धीरेंद्र शास्त्री कथा के लिए नागपुर आये थे और उनकी कथा चल रही थी। लेकिन इसी दौरान श्याम मानव ने उनपर अंध विश्वास फ़ैलाने का आरोप लगाया। अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के श्याम मानव ने बाबा को चुनौती दी थी कि वे नागपुर में आकर उन्हें चमत्कार दिखाएं और अगर वे ऐसा करेंगे तो उन्हें 30 लाख रुपए दिए जाएंगे। श्याम मानव का आरोप है कि उनकी चुनौती के बाद धीरेंद्र शास्त्री कथा अधूरी छोड़ कर चले गए थे।
श्याम मानव ने बागेश्वर धाम बाबा धीरेंद्र शास्त्री पर ढोंग रचने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था, “बाबा का कार्यक्रम तो 5 से 13 जनवरी तक होना था। लेकिन वे तो पहले ही कार्यक्रम छोड़कर भाग निकले। हमने उन्हें खुली चुनौती दी थी। लेकिन वे इसे स्वीकार करने से पहले ही कथा का कार्यक्रम छोड़ भाग निकले।”
बता दें कि इसके बाद धीरेंद्र शास्त्री ने रायपुर में दरबार लगाया था, जो काफी विवादों में रहा। दरअसल बाबा ने कुछ पत्रकारों को आमंत्रित किया और अपना चमत्कार दिखाया। बाबा ने कहा कि उनके ऊपर बालाजी की कृपा है और उन्हें बदनाम करने की साजिश रची जा रही है।
धीरेंद्र शास्त्री को जान से मारने की धमकी मिली –
बता दें कि बाबा बागेश्वर धाम महाराज धीरेंद्र शास्त्री को जान से मारने की धमकी मिली है। उनकी ओर से अमर सिंह नाम के व्यक्ति के खिलाफ शिकायत भी दर्ज करवाई गई है। उन्होंने छतरपुर पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई है।




