#Social
BREAKING: कार और लोडिंग टेंपो की भिड़ंत, 3 दोस्तों की मौत

Sriganganagar. श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ में कार और लोडिंग टेंपो की भिड़ंत में 3 दोस्तों की मौत हो गई। भीषण टक्कर में आल्टो कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और गेट खुलने से लोग बाहर गिर पड़े। हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। सूरतगढ़ थाने के हेड कॉन्स्टेबल चेतराम ने बताया कि हादसा श्रीगंगानगर-बीकानेर नेशनल हाईवे संख्या 62 पर मौजगढ़ गांव के पास शनिवार की दोपहर साढ़े 3 बजे हुआ। सूचना पर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से मृतकों के शवों और घायलों को सूरतगढ़ के सरकारी अस्पताल भिजवाया गया।
मृतकों की पहचान आर्यन (18) पुत्र रणजीत जाट, निवासी सिद्धूवाला, रोहताश (26) पुत्र किशन लाल जाट, निवासी सिद्धूवाला और पवन (20) पुत्र सीताराम कुम्हार, निवासी 28 पीबीएन के रूप में हुई है। जबकि घायल हेमंत (21) पुत्र लालचंद निवासी सिद्धूवाला और अभिषेक (30) पुत्र विजय बिश्नोई निवासी सिद्धूवाला को डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। इनके अलावा लोडिंग टेंपो सवार राजवीर (22) पुत्र हरिराम निवासी मुंदडिया, हनुमानगढ़ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस के अनुसार, घटना को लेकर सिद्धूवाला गांव निवासी राजेंद्र पुत्र साहब राम जाट ने मामला दर्ज करवाया है। उसने बताया कि उसके भाई रणजीत का बेटा आर्यन गांव के अभिषेक बिश्नोई की आल्टो कार से 30 किलोमीटर दूर सूरतगढ़ जाने के लिए रवाना हुए थे।
साथ में गांव का रोहताश जाट और हेमंत जाट भी सवार था। रास्ते में 28 पीबीएन से इनका दोस्त पवन कुम्हार भी इनके साथ कार में सवार हुआ था। आर्यन ने अपने घर पर सूचना दी कि वह अपने दोस्तों के साथ सूरतगढ़ किसी काम से जा रहे हैं, थोड़ी देर में वापस आ जाएंगे। दोपहर करीब साढे 3 बजे सूरतगढ़ से करीब 6 किलोमीटर पहले केंद्रीय पशु प्रजनन केंद्र से आगे मौजगढ़ बस स्टैंड के पास सामने से आ रहे लोडिंग टेंपो ने कार को टक्कर मार दी। पुलिस ने बताया- घटना के बाद लोडिंग टेंपो का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। जबकि टेंपो में सवार ड्राइवर के साथी राजवीर सिंह को मामूली चोट आई हैं। फिलहाल इस संबंध में दिए गए परिवाद के आधार पर मामला दर्ज कर तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।




