#Social
CG: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, तीन युवकों की मौत

Ambikapur. अंबिकापुर। अंबिकापुर-प्रतापपुर मुख्य मार्ग पर खड़गवां चौक के पास गुरुवार शाम तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीन युवकों की मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के सामने का हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। दोनों बाइक सवार उछलकर सड़क पर गिर गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भेजा गया, लेकिन हॉस्पिटल पहुंचने से पहले ही तीनों ने दम तोड़ दिया। घटना प्रतापपुर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, प्रतापपुर थाना अंतर्गत खड़गवां चौक के पास गुरुवार शाम करीब 6.30 बजे तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। एक बाइक पर प्रतापपुर निवासी दो युवक सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक छतरपुर का रहने वाला था। बाइकों के बीच हुई टक्कर के बाद तीनों सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। युवकों के हाथ-पैर टूट गए। सिर और अंदरूनी अंगों में चोटें भी आईं। सूचना पर मौके पर पहुंची खड़गवां पुलिस ने एम्बुलेंस से तीनों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भेजा गया।
जहां डॉक्टरों ने तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। अंबिकापुर-प्रतापपुर मुख्य मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में मृत तीनों युवकों की पहचान हो गई है। प्रतापपुर निवासी ओम प्रकाश सारथी और पुनीत काशी उर्फ बिट्टू एक ही बाइक पर सवार थे, जबकि तीसरा युवक छतरपुर गांव का रहने वाला था। तीनों की उम्र 19 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हादसा खड़गवां के मिलन चौक के पास हुआ, लेकिन हादसे के वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था। हालांकि, दुर्घटना सड़क किनारे हुई, जिससे आशंका जताई जा रही है कि एक बाइक रॉन्ग साइड में आकर दूसरी बाइक से टकरा गई। दोनों बाइक में टक्कर इतनी भीषण हुई कि उसकी गूंज दूर तक सुनाई दी। आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जहां तीनों युवक सड़क पर गिरे हुए थे। घटना की सूचना मिलने पर खड़गवां चौकी प्रभारी योगेंद्र जायसवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।




