#Social

BREAKING: व्यापारी को लगाया 6 करोड़ का चूना, ठगबाज गिरफ्तार


Varanasi. वाराणसी। कमिश्नरेट के चौक थाना पुलिस ने 6.32 करोड़ रुपये के गबन के आरोपी सागर तनवानी को नोएडा के सेक्टर 77 स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से गिरफ्तार किया। पुलिस की एक टीम ने आरोपी को शनिवार देर शाम नोएडा से गिरफ्तार किया। मऊ जनपद का रहने वाला सागर तनवानी लंबे समय से फरार चल रहा था और वह नोएडा में छिपकर रह रहा था। सागर तनवानी पर “साईं इंटरप्राइजेज” नामक फर्म के माध्यम से व्यापारिक लेन-देन में 6.32 करोड़ रुपये के गबन का आरोप है। यह मामला 3 सितंबर 2024 को वाराणसी के थाना चौक में दर्ज हुआ था।
वीआर इंटरप्राइजेज और वेलकम कम्युनिकेशन के मालिकों ने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि तनवानी ने व्यापार के माध्यम से सामान प्राप्त किया, लेकिन भुगतान नहीं किया। इसके बाद उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 409 (आपराधिक विश्वासघात), 504, 506 और 120बी (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना और सर्विलांस की मदद से आरोपी का पता लगाया। इसके बाद थाना चौक प्रभारी निरीक्षक विमल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
सागर तनवानी पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं, जिनमें:
1. मामला संख्या 85/2024: धारा 409/504/506/120बी, थाना चौक, वाराणसी।
2. मामला संख्या 381/2024: अन्य आपराधिक धाराएं, थाना कोतवाली, मऊ।
इस सफलता में इंस्पेक्टर विमल कुमार मिश्रा, एसआई कुमार गौरव सिंह, शुभम शर्मा, कांस्टेबल अरविंद कुमार यादव, और अश्वनी कुमार की अहम भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button