#Social

CG के सरकारी हॉस्टल में छात्र से रैगिंग, शिकायत दर्ज


Shakti. सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में सरकारी हॉस्टल में 6वीं के छात्र से रैगिंग का मामला सामने आया है। कक्षा 9वीं के 6 छात्रों ने आधी रात को उसे अपने रूम में बुलाकर रैगिंग की। लात-घूंसे और स्केल से उसकी जमकर पिटाई की। किसी को बताने पर दोबारा मारने की धमकी दी। छात्र के पिता ने स्कूल के प्राचार्य से इसकी शिकायत की है। यह पूरा मामला जवाहर नवोदय विद्यालय चिस्दा का है। यहां कक्षा 6वीं के छात्र अमित (बदला हुआ नाम) अरावली हाउस में रहता है। 31 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे 9वीं के छात्रों ने कक्षा 6वीं के 2 जूनियर को अमित को बुलाने भेजा। दोनों छात्र उसे बुलाने गए। उन्होंने अमित को कहा कि, आपको सीनियर शिवालिक हाउस बुला रहे हैं। वहां पहुंचने पर सीनियर्स ने उसके साथ रैगिंग कर मारपीट की।
छात्र के पिता कृष्ण कुमार कश्यप ने बताया कि, उन्हें बेटे ने घटना की जानकारी 1 अगस्त की दोपहर फोन पर दी। छात्रों ने उसे पहले बड़े से कटोरे पर बैठाया। उससे उसका परिचय पूछा। फिर बिना कुछ कहे उसकी पिटाई करने लगे। रोने पर रोते हो कहकर फिर पिटाई की। इस पूरी घटना की शिकायत उन्होंने स्कूल के प्राचार्य से की है। पिता ने अपनी शिकायत में बताया है कि, घटना के बाद से अमित काफी डरा हुआ है। इस घटना को संज्ञान में लेते हुए रैगिंग में शामिल छात्रों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। जिससे भविष्य में किसी छात्र को इस प्रकार से प्रताड़ित ना किया जा सके। वरना थाने में रैगिंग एक्ट के तहत केस दर्ज कराने की चेतावनी दी है। जवाहर नवोदय विद्यालय चिस्दा के प्राचार्य ने बताया कि, कक्षा 6वीं के छात्र से रैगिंग की शिकायत मिली है। 6 छात्रों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें 15 दिन के लिए निलंबित किया गया है। सक्ती डीईओ नरेंद्र चंद्रा ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि, मुझे घटना के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली है। मामले में शिकायत मिलती है, तो उचित कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button