#Social
CG: बिजली की चपेट में आए तीन युवक, एक की हुई दर्दनाक मौत

Durg. दुर्ग। दुर्ग जिले में सौर ऊर्जा पैनल इंस्टॉल करते समय तीन युवक हाई टेंशन तार की चपेट में आ गए। इस दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवकों को मामूली चोटें आई हैं। मृतक की पहचान 26 वर्षीय महेश कुमार साहू के रूप में हुई है। महेश की शादी मात्र एक साल पहले हुई थी और उसकी पत्नी इस समय आठ माह की गर्भवती है। हादसा बुधवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच भिलाई के संतोषी पारा कैंप-1 इलाके में हुआ। परिजनों ने बताया, जिस घर में सोलर पैनल लगाया जा रहा था, उसके ऊपर से हाई टेंशन बिजली लाइन गुज़र रही थी।
काम शुरू करने से पहले तकनीकी टीम ने इस खतरे को लेकर मना कर दिया था। इसके बावजूद घरवालों की ज़िद पर काम कराया गया, जिससे यह हादसा हो गया। मृतक के छोटे भाई ने इसे सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि जानबूझकर की गई अनदेखी बताया और शासन से 10 लाख रुपए मुआवजे की मांग की है। हादसे के बाद परिजन गहरे सदमे में हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




