CG NEWS : दिव्यांग युवक की भावुक अपील: “CBI जांच कराइए

धमतरी। CG NEWS : जिले के नगरी तहसील अंतर्गत ग्राम देवपुर निवासी एक दिव्यांग युवक ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधायक अंबिका मरकाम और कलेक्टर अविनाश मिश्रा को संबोधित भावुक पत्र लिखकर इच्छा मृत्यु की मांग की है। युवक ने अपने साथ हुई घटना की CBI जांच, बेहतर इलाज और न्याय दिलाने की अपील की है। यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
पीड़ित शशिकांत भरत ने अपने पत्र में बताया है कि वर्ष 2016 में वह धमतरी के भटगांव आईटीआई में कंप्यूटर ट्रेड का छात्र था। 11 नवंबर 2016 को छुट्टी के दौरान गांव लौटते समय दुकली (गचकन्हार) के पास उसके साथ कथित रूप से हमला हुआ। युवक का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके साथ मारपीट कर उसे सड़क किनारे फेंक दिया, जिससे उसे गंभीर सर्वाइकल इंजरी हुई और वह लकवाग्रस्त हो गया।

पत्र में युवक ने दावा किया है कि पिछले करीब 10 वर्षों से वह बिस्तर पर है। परिवार ने इलाज के लिए कर्ज लिया, लेकिन आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण अब आगे का उपचार कराना संभव नहीं हो पा रहा है। युवक ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना की पुलिस जांच प्रभावी ढंग से नहीं हुई, जिसके चलते उसके परिवार को मामला वापस लेने के लिए मजबूर होना पड़ा।
शशिकांत ने यह भी लिखा है कि वह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और वर्तमान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से भी कई बार मिलने की कोशिश कर चुका है, लेकिन अपनी बात सीधे नहीं रख सका। उसने सरकार से अपने मामले की CBI जांच, समुचित इलाज और न्याय की मांग की है। साथ ही उसने आम लोगों से भी अपनी आवाज उठाने में सहयोग करने की अपील की है।
फिलहाल, युवक द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मामले में संबंधित प्रशासन या पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
Source link




