#Social

HP: 15 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन कट


Rajgarh. राजगढ़। विद्युत मंडल राजगढ़ के तहत बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं पर न केवल भारी जुर्माना लगाया जाएगा, बल्कि उनकी बिजली सप्लाई भी अस्थाई तौर पर काट दी जाएगी। यह जानकारी सहायक अभियंता विद्युत उपमंडल राजगढ़ अंकित वर्मा ने दी। उन्होंने प्रेस को जारी विज्ञप्ति के माध्यम से कहा कि राजगढ़ में एक माह के अंदर बिजली चोरी करने वाले 15 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए हैं और उन पर लगभग 12 लाख तक का जुर्माना वसूला गया है। अंकित वर्मा ने कहा कि जिन उपभोक्ताओं ने अपना बकाया बिजली बिल जमा नहीं किया है वह इस महीने जमा करवा दें अन्यथा विभाग द्वारा उनका बिजली का कनेक्शन अस्थायी रूप से काट दिया जाएगा। साथ ही उपभोक्ता घरेलू मीटर विद्युत सप्लाई का उपयोग किसी भी तरह के अन्य कार्य के लिए न करें। ऐसे उपभोक्ताओं पर भी विभाग द्वारा ठोस कार्रवाई अमल में

लाई जाएगी।

उल्लंघन करने वाले से दोगुना जुर्माना वसूल किया जाएगा। किसी भी तरह के अन्य कार्य के लिए बिजली उपयोग के लिए उपभोक्ता कार्यालय आकर अस्थायी मीटर के लिए आवेदन कर सकता है। उन्होंने कहा कि बहुत से मीटर काफी समय से बंद पड़े हैं। उन्होंने इसकी जानकारी विभाग को लिखित रूप से देने और अपना मीटर बदलने का आह्वान किया। सहायक अभियंता अंकित वर्मा ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं की बिजली खपत कनेकटिड लोड से ज्यादा है वह सात दिन के अंदर कार्यालय आकर लोड रिवाइज करवाएं अन्यथा विभाग द्वारा उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने यह जानकारी भी दी कि कुछ दिनों पहले राजगढ़ में कुछ दुकानों के जो विद्युत उपकरण जल गए थे उनका विभाग द्वारा निरीक्षण करने के पश्चात पाया गया कि ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने के कारण यह सब हुआ था। विभाग ने यह भी पाया कि किसी भी दुकान में ऑवर वोल्टेज प्रोटेक्शन इक्यूपमेंट नहीं लगाए गए हैं। विभाग द्वारा तत्त्काल प्रभाव से इसे ठीक कर दिया गया था। उन्होंने विभाग की ओर से अपने घरों व दुकानों में ऑवर वोल्टेज प्रोटेक्शन इक्यूपमेंट लगाने व अपनी वायरिंग की सही तरीके से अर्थिंग करवाने का आह्वान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button