#Social

HP NEWS: फिल्म फेस्टिवल में दूसरे दिन दर्शकों की भारी भीड़


Shimla. शिमला। शिमला के गेयटी हेरिटेज कल्चरल कॉम्प्लेक्स में आयोजित दसवें आईएफएफएस का दूसरा दिन दर्शकों के लिए एक शानदार अनुभव रहा। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, भाषा एवं संस्कृति विभाग (एलएसी) हिमाचल प्रदेश सरकार के तत्त्वावधान में हिमालयन वेलोसिटी द्वारा आयोजित किए जा रहे दसवें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में दूसरे दिन दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी और दिन भर दिखाई गई ज्ञानवर्धक फिल्मों की शृंखला ने दर्शकों का मन मोह लिया। आईएफएफएस की अन्य दो स्क्रीनिंग मॉडल सेंट्रल जेल कांडा, शिमला और मॉडल सेंट्रल जेल नाहन, जिला सिरमौर में कैदियों के लिए एक साथ की गई। दोनों जेलों में एक विशेष उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। मॉडल सेंट्रल जेल कंडा के अधीक्षक सुशील ठाकुर और मॉडल सेंट्रल जेल नाहन के अधीक्षक विनोद चंब्याल ने अपने-अपने जेल परिसर में महोत्सव

पुस्तिका का विमोचन किया।

यह महोत्सव फिल्म निर्माताओं और उद्योग के पेशेवरों के लिए स्क्रीनिंग, पैनल चर्चा, मास्टरक्लास और नेटवर्किंग के अवसरों का एक रचनात्मक संयोजन प्रदान करता है। दसवें आईएफएफएस में बच्चों के सिनेमा को समर्पित एक विशेष खंड- बचपन है, जहां बच्चों के लिए विशेष रूप से तैयार की गई फिल्में दिखाई जाती हैं। शिमला और उसके आसपास के विद्यालय के छात्रों ने बच्चों के लिए विशेष रूप से प्रदर्शित की गई फिल्मों का आनंद लिया। महोत्सव निदेशक पुष्प राज ठाकुर ने कहा कि शिमला का अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव स्थानीय फिल्म निर्माताओं और कलाकारों को अपना काम दिखाने के लिए एक उत्कृष्ट मंच प्रदान करता है। अंतरराष्ट्रीय प्रविष्टियों के साथ हिमाचल प्रदेश की फिल्मों को प्रदर्शित करके, महोत्सव वैश्विक फिल्म उद्योग पर क्षेत्र के बढ़ते प्रभाव पर जोर देता है। 27 देशों और भारत के 22 राज्यों के फिल्म निर्माता इस तीन दिवसीय उत्सव में भाग ले रहे हैं जिसका उद्देश्य विविध संस्कृतियों और दृष्टिकोणों के लेंस के माध्यम से कहानी कहने की कला का सम्मान करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button