IGDTUW में बनेगा एडवांस्ड ड्रोन टेक्नोलॉजी सेंटर, छात्राओं को मिलेगी नई उड़ान, 8 करोड़ रुपये की मंजूरी

IGDTUW: नई दिल्ली: इंदिरा गाँधी दिल्ली टेक्निकल युनिवर्सिटी फर वुमेन (आईजीडीटीयूडब्ल्यू) में छात्राओं को अब ड्रोन तकनीक के क्षेत्र में आधुनिक प्रशिक्षण और शोध के नए अवसर मिलेंगे। विश्वविद्यालय को दिल्ली सरकार के प्रशिक्षण एवं तकनीकी शिक्षा विभाग से एडवांस्ड ड्रोन टेक्नोलॉजी सेंटर स्थापित करने के लिए 8 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है। इस परियोजना का उद्देश्य देश में स्वदेशी ड्रोन तकनीक, रिसर्च और स्किल डेवलपमेंट को बढ़ावा देना है।
दिल्ली नॉलेज डेवलपमेंट फाउंडेशन (DKDF) की सहायता से बनने वाले इस सेंटर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग आधारित ड्रोन सिस्टम पर विशेष शोध किया जाएगा। इसके अलावा स्वायत्त यूएवी तकनीक, ड्रोन निर्माण, परीक्षण, सिमुलेशन तकनीक, ड्रोन फॉरेंसिक और काउंटर-यूएवी सिस्टम जैसे क्षेत्रों पर भी काम होगा। विश्वविद्यालय इस परियोजना के लिए अतिरिक्त 2.4 करोड़ रुपये स्वयं खर्च करेगा।
इस सेंटर में अत्याधुनिक लैब, एडवांस्ड सॉफ्टवेयर और आधुनिक रिसर्च सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे छात्राओं और शोधकर्ताओं को नई तकनीकों पर काम करने का अवसर मिलेगा। परियोजना का नेतृत्व विश्वविद्यालय की कुलपति रंजना झा करेंगी। कुलपति प्रो. रंजना झा ने कहा कि यह पहल भारत में स्वदेशी ड्रोन तकनीक और महिला तकनीकी शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी।
Source link




