Lockdown: युजवेंद्र चहल ने लिया कप्तान से पंगा
महामारी कोरोना वायरस ने दुनिया को घर में कैद कर दिया है. भारत में 21 दिन का लॉकडाउन है. बीसीसीआई के फीजियो द्वारा भारतीय क्रिकेटरों को इस दौरान एक्सरसाइज का शेड्यूल दे दिया गया है. इस बीच क्रिकेटर घर में कुछ काम करते हुए या कुछ फनी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं. एक ऐसा ही वीडियो विराट कोहली का सामने आया है, जिसमें पत्नी अनुष्का शर्मा उनके बाल काटते हुए नजर आ रही हैं. अनुष्का ने अपने इंस्टाग्राम में वीडियो शेयर करते हुए बताया है कि वो क्वारंटीन के वक्त क्या कर रही हैं.
भारत में इस समय 21 दिन के लिए लॉकडाउन लागू है, ताकि कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे को कम किया जा सके. विराट कोहली समेत ज्यादातर क्रिकेटरों ने लोगों से घर में ही रहने की अपील की है. विराट ने यह भी कहा था कि इस खतरे को हल्के में लें, ये लड़ाई उतनी आसान नहीं है जितनी दिख रही है.
इस बीच विराट कोहली और अनुष्का शर्मा का एक और वीडियो सामने आया है. इसमें अनुष्का पति के बाल काट रही हैं. बाल कटने के बाद क्रिकेटर कोहली पत्नी की तारीफ करते हैं और कहते हैं कि बाल अच्छे कटे हैं.
भारतीय टीम में एक ऐसे क्रिकेटर भी हैं, जिनकी पहुंच हर साथी क्रिकेटर के किचेन तक है. जी हां, हम युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) की बात कर रहे हैं. उन्होंने कप्तान विराट कोहली को छेड़ने का मौका भी नहीं गंवाया. चहल ने अनुष्का द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो में कॉमेंट किया, “भाभी, ये कैंची-वैंची छोड़ो. ट्रिमर को फुलऑन आने दो.”
इस वीडियो पर खूब सारे कॉमेंट आए हैं. कुछ लोग विराट और अनुष्का की तारीफ कर रहे हैं. कुछ ने कहा कि कोरोना की वजह से उन्हें क्वालिटी टाइम बिताने का मौका मिल गया. कुछ ऐसे यूजर भी हैं, जिन्हें विराट-अनुष्का की मस्ती पसंद नहीं आ रही है. ये लोग इस स्टार जोड़ी को ज्ञान दे रहे हैं कि जब देश संकट में है तब उन्हें ऐसे नॉनसीरियस वीडियो पोस्ट नहीं करने चाहिए.
बता दें कि दुनिया में कोरोना वायरस की वजह से 34 हजार से अधिक लोगों की जान चली गई है. भारत में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. देशभर में इस वायरस से संक्रमित लोगों की तादाद 1000 को पार कर गई है. कोरोना से देश में 27 लोगों की मौत हो चुकी है.




