#Social

Prayagraj: महाकुंभ में दूसरी बार लगी भीषण आग, कई टेंट जलकर राख


Prayagraj प्रयागराज: प्रयागराज महाकुंभ में गुरुवार (30 जनवरी) को एक बार फिर आग लगने की घटना सामने आई है। महाकुंभ के सेक्टर 22 स्थित झूंसी क्षेत्र में छतनांग घाट के पास नागेश्वर पंडाल में यह भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर से भी दिखाई दे रही थीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आग लगने से कई टेंट जलकर राख हो गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। महाकुंभ के नागेश्वर पंडाल में लगी आग, राहत की बात- कोई जनहानि नहीं प्रयागराज महाकुंभ क्षेत्र स्थित नागेश्वर पंडाल में गुरुवार को आग लगने की घटना सामने आई। यह आग दोपहर करीब पौने दो बजे लगी, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस आग में कोई जनहानि नहीं हुई। आग में कई टेंट जलकर राख हो गए, लेकिन पंडाल में मौजूद सभी लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, “हमें सूचना मिली थी कि एक टेंट में आग लग गई है। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि 15 टेंट इसकी चपेट में आए हैं। हमने तुरंत कार्रवाई की और आग पर काबू पा लिया।” उन्होंने यह भी कहा कि “सड़कें जाम होने की वजह से मौके पर पहुंचने में कुछ दिक्कतें आईं, लेकिन अब स्थिति नियंत्रण में है और कोई हताहत नहीं हुआ है।”
प्रयागराज महाकुंभ के नागेश्वर पंडाल में आग लगने की घटना के बाद मेला पुलिस क्षेत्राधिकारी सीओ प्रमोद शर्मा ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस इलाके में अनाधिकृत रूप से टेंट लगाए गए थे, जिसकी अब जांच की जाएगी। सीओ प्रमोद शर्मा ने कहा, “यह इलाका चमनगंज चौकी के अंतर्गत आता है और यहां अनाधिकृत रूप से टेंट लगाए गए थे। एसडीएम ने भी इसकी पुष्टि की है। अब स्थानीय पुलिस मामले की जांच करेगी कि ये टेंट कैसे लगाए गए।”इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है और प्रयास किया जा रहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button