#Social
Raipur Breaking: नकली निवेश स्कीम चलाकर 6.83 लाख की ठगी, ऋषभ गोयल गिरफ्तार

Raipur. रायपुर। खरोरा थाना क्षेत्र में एक फर्जी निवेश योजना के तहत लोगों से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। प्रार्थी नेभन कुमार ताम्रकार ने थाना खरोरा में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि नेवरा निवासी ऋषभ गोयल द्वारा संचालित ‘ऋषभ ऑटो मोबाईल्स’ के नाम पर एक आकर्षक स्कीम चलाई जा रही थी, जिसमें हर माह 2500 रुपये जमा करने पर 24 महीनों के बाद 60,000 रुपये नगद अथवा एक टीवीएस कंपनी का दोपहिया वाहन देने का वादा किया गया था। साथ ही, हर महीने एक लक्की ड्रॉ के जरिए किसी एक सदस्य को उसी माह नगद 60,000 रुपये या वाहन देने की बात कही गई थी।
प्रार्थी का आरोप है कि ऋषभ गोयल ने इस स्कीम का झूठा प्रलोभन देकर प्रार्थी समेत अन्य लोगों से लाखों रुपये की वसूली की। कुल मिलाकर आरोपी ने विभिन्न व्यक्तियों से करीब 6,83,500 रुपये की रकम हड़प ली। जब तय शर्तों के अनुसार न तो नगद राशि दी गई और न ही वाहन सौंपा गया, तब पीड़ितों ने इसकी शिकायत की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी ऋषभ गोयल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ठगी के इस जाल में और कितने लोग फंसे हैं।




