रायपुर पुलिस का कारनामा, पीड़ित छात्र पर ही जड़ दिया हत्या का आरोप
रायपुर। राजधानी रायपुर की पुलिस का कानून जगत से परे है। कल राजधानी के पाश इलाके में हुए शूटआऊट के मामले में पुलिस ने उस छात्र पर ही हत्या का आरोप जड़ दिया है जिसे हिस्ट्रीशीटर द्वारा जान से मारने की कोशिश की गई। हमले में घायल छात्र की हालत अभी भी गंभीर है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
कल राजधानी के पाश इलाके सुंदरनगर में शूटआऊट में राजधानी के हिस्ट्रीशीटर बुल्ठू पाठक की मौत हुई थी। घटना की वजह मामूली विवाद बताया जा रहा है कि केबल कारोबारी धर्मेंद्र सिंह अपने बेटे शिवेंद्र प्रताप जो कि कालेज का छात्र है, के साथ पेट्रोल पंप जा रहे थे तभी कई हत्याओं तथा तीन दर्जन अपराधों में शामिल रहे नामी बदमाश बुल्ठू पाठक ने शिवेंद्र व उसके पिता धर्मेंद्र की चाकू मारकर हत्या का प्रयास किया। घटना के दौरान शिवेंद्र पर चाकू से जानलेवा हमला होते देख धर्मेंद्र खुद को रोक नहीं सके और लाइसेंसी पिस्टल से फायर किया, हांलाकि गवाहों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर साफ है कि धर्मेंद्र ने बुल्ठू के पैरों को निशाना बनाया था लेकिन उसके जमीन में बैठ जाने की वजह से गोली सीने में लगी और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद खुद धर्मेंद्र हथियार के साथ थाने पहुंचा और समर्पण कर दिया। बावजूद रायपुर पुलिस ने ये अनोखा कारनाम किया है कि जिस शिवेंद्र पर बिना किसी वजह प्राणघातक हमला किया गया उसे ही हत्या का आरोपी बना दिया गया है। शिवेंद्र का इस पूरे मामले से कोई लेना देना नहीं था उसने तो महज अपने पिता के प्राण बचाने बीच बचाव किया था अलबत्ता उस पर चाकू से कई प्राणघातक वार किए गए। फिलहाल शिवेंद्र अस्पताल में है जहां उसका इलाज चल रहा है।




