कोरोना अस्पताल के बाजू में चल रही थी डॅाक्टरों की रेव पार्टी

कोरोना संकट के बीच डाक्टरों के जश्न की शर्मनाक खबर सामने आयी है। इससे बड़ी शर्मनाक करतूत और क्या होगी कि जिस अस्पताल में 36 कोरोना मरीजों का इलाज चल रहा था, उसी अस्पताल से महज चंद कदम के फासले पर जोरदार डीजे की आवाज पर मुर्ग-मशल्लम के साथ दारू-चखने का दौर चल रहा था। ये पूरी घटना राजनांदगांव जिले के मेडिकल कॉलेज की है, जिसे कोविड-19 का अस्पताल बनाया गया है। उस अस्पताल में अभी 36 मरीजों का इलाज चल रहा है। उसी अस्पताल परिसर के छत पर 50 से ज्यादा जूनियर डाक्टर शराब-चिकन की पार्टी करते पकड़े गये हैं।

ये पूरा जश्न उस वक्त डाक्टर मना रहे थे, जिस वक्त प्रदेश में धारा-144 लगा हुआ है और होम मिनिस्ट्री की गाइडलाइन के मुताबिक किसी तरह के आयोजन पर प्रतिबंध है और शादी में 50 और किसी शोक में 20 से ज्यादा लोगों की मौजूदगी की अनुमति नहीं है, वैसे आदेश को ठेंगा दिखाते हुए डाक्टरों ने अस्पताल की छत पर ही पार्टी शुरू कर दी।

हालांकि आधी-अधूरी ही पार्टी डाक्टर मना सके थे, तभी पार्षद की शिकायत पर पुलिस वहां आ धमकी और डाक्टरों के जश्न के रंग में भंग चढ़ गया। जानकारी के मुताबिक स्थानीय लोगों की शिकायत पार्षद राजा तिवारी को मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने दबिश दी तो हास्टल नंबर-1 की छत पर शराब-बीयर की बोतल केसाथ मटन-चिकन का ढेर मिला।

Related Articles

Back to top button