कलेक्टर ने किया रेप अपने चेम्बर में, पूर्व जनपद सदस्य महिला का आरोप
कलेक्टर पर बलात्कार का गंभीर आरोप लगा है। 2007 बैच के इस IAS अफसर पर जांजगीर कलेक्टर रहते रेप का ये सनसनीखेज आरोप लगा है। शिकायत के बाद कलेक्टर यशवंत कुमार ने एसपी पारूल माथुर को जांच के निर्देश दिये हैं। जिस महिला ने ये गंभीर आरोप लगाया है, वो शादीशुदा है और पूर्व जनपद सदस्य भी रही है। पुलिस को मिली इस शिकायत के समर्थन में महिला ने कई सबूत भी दिये हैं।
बता दें कि एनजीओ संचालक व पूर्व जनपद सदस्य महिला ने शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है। महिला अपनी शिकायत लेकर पहले एसपी ऑफिस पहुंची जहां उसने अपनी आपबीती सुनाई तत्पश्चात कोतवाली पहुंचकर उसने एफ आई आर दर्ज करायी। पूर्व कलेक्टर आईएएस अफसर के खिलाफ इस तरह के गंभीर आरोप लगने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। आला अधिकारी देर रात तक थाने में डटे रहे और बयान लेने के साथ लिखा पढ़ी की कार्रवाई चलती रही।
बुधवार को शिकायत लेकर एसपी ऑफिस पहुंची महिला ने पूर्व कलेक्टर जेपी पाठक के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस अधीक्षक के नाम दिए शिकायत पत्र में महिला ने बताया है, कि वह डभरा क्षेत्र की पूर्व जनपद सदस्य हैं, तथा एनजीओ चलाती है, जिसको काम दिलाने का झांसा देकर उसके साथ अनाचार किया गया।
महिला ने शिकायत में कहा कि 15 मई को कलेक्टोरेट पहुंची थी। इस दौरान चैंबर में ही कलेक्टर ने उसके साथ संबंध स्थापित किये थे, और उन्होंने उसे काम दिलाने का भरोसा दिलाया था, लेकिन काम नही मिला।पीड़िता ने पुलिस को कलेक्टर और उसके बीच हुई बातचीत की रिकार्डिंग और कुछ तस्वीरें पुलिस को सौंपी है। उसका कहना है कि पति सरकारी नौकरी में है, इसलिए कलेक्टर ने उसे अच्छी पदस्थापना दिलाने का भरोसा भी दिलाया था।लेकिन यह वादा झूठा साबित हुआ।
बता दें कि कलेक्टर का स्थानांतरण होने के बाद उसने एफआईआर कराने की हिम्मत जुटाई है। उसकी आपबीती सुनने के बाद उसे कोतवाली थाना भेजा गया। एसपी श्रीमती पारुल माथुर एडिशनल एसपी मधुलिका सिंह भी वहां पहुंचे और पीड़िता का कथन दर्ज कराया गया। महिला की रिपोर्ट पर पूर्व कलेक्टर जे पी पाठक के खिलाफ धारा 376, 506, 509 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।




