राजनांदगांव में सड़क हादसे में महिला की मौत के बाद ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, NH हुवा बंद
महिला की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान लगभग 1 घंटे तक नेशनल हाईवे दोनों ओर से जाम रहा।
राजनांदगांव शहर के समीप पार्री नाला के पास आज सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान लगभग 1 घंटे तक नेशनल हाईवे दोनों ओर से जाम रहा।
राष्ट्रीय राजमार्ग में राजनांदगांव शहर के समीप पार्रीनाला के पास आज सुबह लगभग 11 बजे मोपेड सवार पति-पत्नी को सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान घटनास्थल पर ही महिला की मौत हो गई। राजनंदगांव के सुरगी निवासी पति पत्नी नोखे साहू और राजीम बाई अपने मोपेड में सवार होकर पार्रीकला गांव की ओर गमी के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इस दौरान वे बाईपास से निकलकर नेशनल हाईवे में पहुंचे और विपरित दिशा में चलते हुए पार्रीनाला के पास टूटी हुई डिवाइडर को पार कर रहे थे। तभी सामने से तेज रफ्तार आ रही कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
इस दौरान राजीम बाई की मौत हो गई। वहीं नोखे साहू घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद बड़ी संख्या में पार्रीकला सहित आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर इकट्ठे हो गए और नेशनल हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। ग्रामीण यहां मौके पर कलेक्टर को बुलाने की मांग के साथ ही नेशनल हाईवे पर तत्काल ब्रेकर बनाने की ज़िद पर अड़े हुए थे।
ग्रामीणों के द्वारा चक्का जाम किए जाने की सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दल बल के साथ मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों को चक्का जाम हटाने की समझाइश दी।काफी मशक्कत के बाद पुलिस की समझाई से ग्रामीणों ने चक्का जाम हटाया।
ग्राम पार्री जाने वाले मोड़ में नेशनल हाईवे पर डिवाइडर बनाया गया था, जिसे तोड़कर अघोषित चैक स्थानीय लोगों के द्वारा ही बनाया गया है। यहा चैंक का संकेतक नहीं होने की वजह से गाड़ियों की रफ्तार काफी तेज रहती है। वहीं बाईपास से कन्हरपुरी, लखोली सहित अन्य क्षेत्रों से आने वाले लोग विपरित दिशा में चलते हैं, जिसकी वजह से सड़क हादसे भी हो रहे हैं। पार्रीनाला के समीप नेशनल हाईवे पर हुए चक्का जाम से दोनों और लगभग 2 किलोमीटर तक ट्रकों की लंबी कतारें लग गई थी। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद रास्ता आवागमन के लिए सुचारू कराया है।




