अवैध रेत खनन में 17 वर्षीय नाबालिग की मौत, रेत माफिया गिरफ्तार

Bilaspur. बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र में अवैध रेत खनन के दौरान एक 17 वर्षीय नाबालिग की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रेत माफिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शुरुआती जांच में इसे एक सामान्य ट्रैक्टर-ट्रॉली दुर्घटना बताया गया था, लेकिन गहराई से हुई पुलिस जांच में पूरे मामले की सच्चाई सामने आ गई, जिसमें अवैध खनन, लापरवाही और सबूत छिपाने की कोशिश जैसी गंभीर बातें उजागर हुईं। घटना 9 अप्रैल 2026 की देर रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम गढ़वट में खारंग नदी किनारे रेत परिवहन के दौरान एक हादसा हुआ है।

जिसमें 17 वर्षीय अमित कश्यप की मौत हो गई है। वहीं एक अन्य युवक अमित यादव घायल हो गया था। शुरुआती जानकारी में यह कहा गया था कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे यह हादसा हुआ। लेकिन रतनपुर पुलिस ने जब मामले की बारीकी से जांच शुरू की तो कई अहम तथ्य सामने आए। जांच में पता चला कि ग्राम गढ़वट में खारंग नदी किनारे अवैध रूप से रेत खनन कराया जा रहा था। आरोपी तोषण कश्यप (34 वर्ष) इस पूरे अवैध काम को संचालित कर रहा था। बताया गया कि अधिक मुनाफे के लालच में उसने नदी के अंदर 6 से 7 फीट गहरा गड्ढा खुदवाया था, जहां बिना सुरक्षा उपायों के मजदूरों से काम कराया जा रहा था।

जांच के अनुसार, काम के दौरान अचानक वह गड्ढा धंस गया, जिससे वहां काम कर रहा नाबालिग अमित कश्यप रेत में दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक अन्य युवक अमित यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी ने मामले को छिपाने और इसे दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घटना के बाद आरोपी ने ट्रैक्टर को मौके से हटाकर ट्रॉली को पलट दिया, ताकि इसे सड़क दुर्घटना बताया जा सके। लेकिन पुलिस को जांच में यह पूरी कहानी संदिग्ध लगी और गहन पूछताछ के बाद सच्चाई सामने आ गई।

मामले की जांच प्रशिक्षु थाना प्रभारी आईपीएस अंशिका जैन के नेतृत्व में की गई। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी तोषण कश्यप के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और 238(बी) के तहत मामला दर्ज किया। गंभीर धाराओं में केस दर्ज करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अवैध रेत खनन के इस मामले में आगे भी जांच जारी है और अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इस घटना ने इलाके में अवैध खनन और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button