एक्सीडेंट के बाद कार से 10 KG सोना बरामद, पूर्व CM बोले- 10 दिखाया, 16 गटकाया

कन्नौज: कन्नौज में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात हुए एक सड़क हादसे ने ऐसा राज खोल दिया, जिसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई. कांवड़ ड्यूटी से लौट रही पुलिस की गाड़ी एक ब्रेजा कार से टकराई. हादसे के बाद पुलिसकर्मी कार सवार युवकों का हालचाल जानने पहुंचे, लेकिन उनकी घबराहट ने पुलिस का शक बढ़ा दिया. इसके बाद जब कार की तलाशी ली गई तो एक बैग में करीब 10 किलो सोने की ईंट मिली. इतनी बड़ी मात्रा में सोना देखकर पुलिस के होश उड़ गए.

बताया जा रहा है कि सकरावा थाना प्रभारी शुक्रवार रात करीब दो 2 बजे अपने हमराह सिपाहियों के साथ कांवड़ यात्रा की ड्यूटी से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के 171 किलोमीटर प्वाइंट के पास उनकी पुलिस गाड़ी की ब्रेजा कार से टक्कर हो गई. टक्कर के बाद पुलिसकर्मी ब्रेजा के पास पहुंचे और कार सवार लोगों से उनकी कुशलक्षेम पूछी. इस दौरान कार में बैठे दोनों युवक कथित तौर पर घबरा गए. उनके व्यवहार को देखकर पुलिसकर्मियों को कुछ संदेह हुआ.पुलिस ने कार की तलाशी लेने का फैसला किया.

तलाशी के दौरान पुलिस को कार में रखा एक बैग मिला. जब बैग खोला गया तो उसके अंदर सोने की एक बड़ी ईंट बरामद हुई. उसका वजन करीब 10 किलोग्राम बताया जा रहा है. इतनी बड़ी मात्रा में सोना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया और कार को भी कब्जे में ले लिया. मामले की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई. इसके बाद पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक हिरासत में लिए गए युवकों में एक महाराजगंज का रहने वाला है, जबकि दूसरा नेपाल का निवासी बताया जा रहा है.

पुलिस को आशंका है कि यह सोना नेपाल से तस्करी के जरिए दिल्ली ले जाया जा रहा था. हालांकि, सोने का स्रोत क्या है, इसके दस्तावेज हैं या नहीं और इसे दिल्ली में किसे सौंपा जाना था, इन सभी सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे. फिलहाल पुलिस बरामद 10 किलो सोने की कीमत और उसकी शुद्धता की जांच के साथ-साथ दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस सोने के पीछे कोई बड़ा तस्करी नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है. खास बात यह है कि अगर ब्रेजा की पुलिस वाहन से टक्कर नहीं होती, तो शायद कार में छिपा 10 किलो सोने का यह राज सामने ही नहीं आता.


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button