जंगली सुअर का शिकार कर बेच रहे थे मांस

रायगढ़। CG NEWS : रायगढ़ वन परिक्षेत्र के ग्राम तिल्गा में जंगली सुअर का शिकार कर उसके मांस की बिक्री करने के मामले में वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 30 किलोग्राम जंगली सुअर का मांस सहित शिकार और मांस की तौल में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की गई है।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम तिल्गा में जंगली सुअर के शिकार और उसके मांस की बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से 30 किलोग्राम जंगली सुअर का मांस, दो कुल्हाड़ी, एक कत्ता और एक तराजू बरामद किया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ग्राम तिल्गा निवासी दीनबंधु राठिया और बालाराम राठिया तथा ग्राम बेहरापाली निवासी कार्तिक विश्वकर्मा के रूप में हुई है। वन विभाग ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की जांच जारी है। रायगढ़ वन परिक्षेत्र के रेंजर संजय लकड़ा ने स्पष्ट किया कि वन्यजीवों के शिकार और उनसे जुड़े मामलों में विभाग किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरतेगा। वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए इस तरह की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Source link


